स्पोर्ट्स

Wimbledon 2025: नोवाक जोकोविच की संघर्षपूर्ण जीत, गॉफ और ज्वेरेव पहले दौर में बाहर

Novak Djokovic In Wimbledon 2025: नोवाक जोकोविच ने पेट की समस्या के बावजूद चार सेट तक चले मैच में जीत दर्ज करके विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन तीन बार ग्रैंड स्लैम फाइनलिस्ट और तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव और महिला वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ पहले दौर में बाहर हो गए।

Image

विंबलडन 2025 में नोवाक जोकोविच की पहली जीत

Photo : AP

नोवाक जोकोविच ने पेट की समस्या के बावजूद चार सेट तक चले मैच में जीत दर्ज करके विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई लेकिन तीन बार ग्रैंड स्लैम फाइनलिस्ट और तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव और महिला वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त कोको गॉफ पहले दौर में बाहर हो गए।

जोकोविच काे पहले दौर के मैच में पेट की समस्या के कारण दो बार डॉक्टर की मदद लेनी पड़ी लेकिन आखिर में वह एलेक्जेंडर मुलर को 6-1, 6-7 (7), 6-2, 6-2 से हराने में सफल रहे। रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता ने बाद में कहा, ‘‘मैं 45 मिनट तक पेट की समस्या से परेशान रहा लेकिन डॉक्टरों की चमत्कारिक गोलियों से मैं अपनी ऊर्जा वापस पाने में सफल रहा।’’

ज्वेरेव को पहले दौर में 72वीं रैंकिंग वाले आर्थर रिंडरक्नेच से पांच सेटों में चार घंटे 40 मिनट में 7-6 (3), 6-7 (8), 6-3, 6-7 (5), 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। रिंडरक्नेच का ऑल इंग्लैंड क्लब में 1-4 का करियर रिकॉर्ड था और वह ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में 18 बार तीसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाए हैं।

पिछले वर्ष विम्बलडन और इस साल फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनलिस्ट रहे सातवें नंबर के खिलाड़ी लोरेंजो मुसेट्टी भी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाए। उन्हें निकोलोज बेसिलशविली ने बाहर का रास्ता दिखाया। दुनिया में 126वें नंबर के खिलाड़ी और यहां क्वालीफायर बेसिलशविली अपने पिछले 31 ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंटों में केवल एक बार चौथे दौर तक पहुंच पाए हैं।

विंबलडन में मंगलवार को उलटफेर का दौर जारी रहा तथा महिला एकल में खिताब की प्रबल दावेदार गॉफ भी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाई। उन्हें दयाना यास्त्रेम्स्का ने 7-6 (3), 6-1 से हराया।

इस तरह से विंबलडन में पहले दो दिन में 23 वरीयता प्राप्त खिलाड़ी (13 पुरुष और 10 महिला) दूसरे दौर में पहुंचने में असफल रहे।

दूसरे दिन बाहर होने वाले वरीयता प्राप्त पुरुष खिलाड़ियों में 18वें नंबर के उगो हम्बर्ट, 27वें नंबर के डेनिस शापोवालोव, 28वें नंबर के अलेक्जेंडर बुब्लिक और 30वें नंबर के एलेक्स मिशेलसन शामिल थे।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!