Paris Diamond League: भारत के ओलंपिक और विश्व चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने शुक्रवार रात पेरिस डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो साल में अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीता। 27 वर्षीय चोपड़ा ने अपने पहले ही प्रयास में 88.16 मीटर का शानदार थ्रो करके जर्मनी के जूलियन वेबर को पीछे छोड़ दिया।हालांकि चोपड़ा ने इस प्रतियोगिता में 90 मीटर का आंकड़ा पार नहीं किया, लेकिन उनकी सटीकता और संयम ने उन्हें विजय दिलाई। वेबर 87.88 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि ब्राजील के लुईज़ मौरिसियो दा सिल्वा 86.62 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
"मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं" – नीरज
मैच के बाद नीरज ने कहा, "मैं अपने थ्रो से खुश हूं। आज मेरा रन-अप बहुत तेज था। मैं अपनी गति को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर पाया, लेकिन पहला स्थान हासिल करना अच्छा लगा।उन्होंने यह भी बताया कि वह जल्द ही ओस्ट्रावा में होने वाली गोल्डन स्पाइक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके अलावा, 5 जुलाई को बेंगलुरु में उनकी अपनी "नीरज चोपड़ा क्लासिक" होगी, जिसे विश्व एथलेटिक्स ने 'ए-श्रेणी' टूर्नामेंट का दर्जा दिया है।
दोहा में 90 मीटर पार करने के बाद फिर से बड़े थ्रो की उम्मीद
इससे पहले, 16 मई को डायमंड लीग के दोहा चैप्टर में नीरज ने 90.23 मीटर का थ्रो किया था, लेकिन वेबर के 91.06 मीटर के सामने वह दूसरे स्थान पर रहे थे। नीरज ने कहा, "मैं 90 मीटर से आगे फेंकने की उम्मीद कर रहा हूं। दोहा में मैंने यह कर दिखाया था, इसलिए मुझे विश्वास है कि मैं फिर से ऐसा कर सकता हूं।"
वेबर से प्रतिद्वंद्विता जारी
जर्मनी के जूलियन वेबर ने इस सीज़न में नीरज को दो बार हराया है। पिछले महीने पोलैंड में हुए जानूस कुसोसिन्स्की मेमोरियल मीट में वेबर ने 86.12 मीटर फेंककर जीत हासिल की थी, जबकि नीरज 84.14 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।
अन्य बड़े नामों को पीछे छोड़ा
इस प्रतियोगिता में कई दिग्गज खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें 2012 ओलंपिक चैंपियन केशोर्न वाल्कोट (81.66 मीटर), ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स (80.29 मीटर) और कीनिया के जूलियस येगो (80.26 मीटर) शामिल थे, लेकिन नीरज ने सभी को पीछे छोड़ दिया।
(भाषा)
