स्पोर्ट्स

नीरज चोपड़ा ने वापस लिया दोहा डायमंड लीग से नाम, जानिए क्या है वजह

भारत के स्टार एथलीट और भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने दोहा में 19 जून को आयोजित होने वाली दोहा डायमंड लीग से अपना नाम वापस ले लिया है। जानिए क्या है वजह?

Image

नीरज चोपड़ा (फोटो क्रेडिट AP)

नई दिल्ली: भारत के स्टार भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा 19 जून को होने वाली दोहा डायमंड लीग में भाग नहीं लेंगे चूंकि वह अभी तक कमर की चोट से उबर नहीं सके हैं। टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतने वाले चोपड़ा ने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में ही 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था। हरियाणा के 28 वर्ष के चोपड़ा इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के ऑफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं।

अन्य धाकड़ खिलाड़ी करेंगे शिरकत

दोहा डायमंड लीग में पेरिस ओलंपिक चैम्पियन पाकिस्तान के अरशद नदीम, मौजूदा विश्व चैम्पियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट और हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का थ्रो फेंकने वाले श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे भाग लेंगे। चोपड़ा ने दोहा में 90.23 मीटर का थ्रो फेंका था लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर ने छठे और आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर खिताब जीता।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े:

सितंबर 2025 में हुए थे चोटिल, तब से हैं मैदान से बाहर

नीरज चोपड़ा मैदान पर आखिरी बार सितंबर 2025 में टोक्यो में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप (World Athletics Championships) में नजर आए थे। वहां वो पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा के फाइनल में आठवें स्थान पर रहे थे। चोटिल होने के बावजूद उन्होंने प्रतियोगिता में शिरकत की थी। उसके बाद से वो मैदान पर अबतक प्रतिस्पर्धा करने नहीं नजर आए हैं। प्रशंसकों को उनका बेसब्री से इंतजार है। इस साल जापान में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में उनसे शानदार प्रदर्शन की आस फैन्स को है। साल 2022 में आयोजित एशियाई खेलों में नीरज चोपड़ा ने 88.88 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। उनके सामने खिताब बचाने की चुनौती है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article