Vinesh Phogat: विनेश फोगाट को सिल्वर मेडल मिले, इसके लिए पूरा देश एक स्वर में प्रार्थना कर रहा है, लेकिन अगर CAS का फैसला उनके खिलाफ जाता है तो क्या? इसी को लेकर जब हमारे जैवलिन स्टार और पेरिस में भारत को सिल्वर दिलाने वाले नीरज चोपड़ा से सवाल पूछा गया तो उन्होंने अपने जवाब से सबका दिल जीत लिया। उनके जवाब में कहीं न कहीं इस बात का भी दर्द दिखा कि मेडल न लाने वाले खिलाड़ियों को देश बहुत जल्दी भूल जाता है।
विनेश को लेकर नीरज के जवाब ने जीता दिल
भारत की बेटी और पेरिस में शानदार प्रदर्शन करने वाली विनेश फोगाट ने अपनी अयोग्यता के खिलाफ खेल पंचाट यानी CAS में अपील की है। फैसले में क्या होता है ये तो वक्त ही बताएगा, लेकिन नीरज से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने देशवासियों से एक खास अपील की।
नीरज ने कहा 'देखो जी हम सबको पता है मेडल मिलेगा तो बहुत अच्छा रहेगा। अगर मेडल नहीं मिलेगा तो. हमें पता है कि मेडल तो पक्का था। पता नहीं मुझको ऐसा लगता है कि जब तक मेडल नहीं रहता है तब तक तो एक चीज रह ही जाती है। लोग थोड़े दिन तक याद रखते हैं। बोलेंगे कि यू आर ऑवर चैंपियन, हमारे लिए आप चैंपियन हो लेकिन मुझे लगता है कि जब तक पोडियम पर न हो तो बहुत जल्दी भूल भी जाते हैं। मुझे ये डर है बस।
अगर लोग नहीं भूलेंगे तो मेडल है या नहीं है इस बात से फर्क नहीं पड़ेगा। बस मैं लोगों से यही रिक्वेस्ट करता हूं कि जो विनेश ने अपनी कंट्री के लिए किया है उसको न भूलें बस।
आपको बता दें विनेश ने पहले राउंड मैच में वर्ल्ड चैंपियन को पटखनी देकर सनसनी मचा दी थी। उन्होंने बैक टू बैक 3 मैच जीतकर पेरिस ओलंपिक के फाइनल में अपनी जगह और सिल्वर मेडल पक्का कर लिया था, लेकिन फाइनल मुकाबले के दिन 100 ग्राम ज्यादा होने के कारण उन्हें डिस्क्वालिफाई कर दिया गया है। विनेश ने इसके खिलाफ CAS में अपील भी की है।
