स्पोर्ट्स

डबल उलटफेरः एक दिन में दो बड़ी टीमें FIFA वर्ल्ड कप से बाहर, जर्मनी के बाद नीदरलैंड भी आउट, मोरक्को ने रचा इतिहास

Morocco vs Netherlands, FIFA World Cup 2026: फुटबॉल वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में एक के बाद एक दो बड़े उलटफेर हो गए हैं। इन दोनों ही मैचों में नतीजा पेनल्टी शूटआउट के बाद निकला। पहले पेराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराकर बाहर किया। फिर अगले मैच में मोरक्को ने नीदरलैंड की टीम को पेनल्टी शूटआउट में शिकस्त देकर विश्व कप से बाहर किया। अब पेराग्वे और मोरक्को राउंड ऑफ 16 में पहुंच चुकी हैं।

Image

मोरक्को ने नीदरलैंड को हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप से किया बाहर

Photo : AP

FIFA World Cup 2026, Morocco Beat Netherlands: इस्माइल सैबारी ने पेनल्टी शूटआउट में निर्णायक गोल किया जिससे मोरक्को ने नीदरलैंड को को 3-2 से हराकर अंतिम 16 में अपनी जगह पक्की की। इससे पहले निर्धारित और अतिरिक्त समय तक दोनों टीम 1-1 से बराबरी पर थी।

पेनल्टी शूटआउट में भी चार राउंड के बाद स्कोर 2-2 से बराबर था। मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनू ने क्रिसेंसियो समरविले के शॉट को अपने बाएं हाथ से रोक दिया। इसके बाद सैबारी ने गोलकीपर बार्ट वर्ब्रुगेन के दूसरी ओर गोता लगाने पर निचले बाएं कोने में विजयी गोल दाग दिया।

नीदरलैंड पिछले 11 विश्व कप में कम से कम अंतिम 16 तक जरूर पहुंचा था। इसमें चार साल पहले क्वार्टर फाइनल में पहुंचना भी शामिल है। मोरक्को तब सेमीफाइनल में पहुंचा था।

नीदरलैंड के लिए कोडी गाकपो ने 72वें मिनट में गोल किया। समरविले की मदद से किए गए इस गोल के बाद नीदरलैंड के बेंच पर बैठे खिलाड़ी भी मैदान पर दौड़ पड़े और उन्होंने 27 वर्षीय गाकपो को गले लगा लिया, जो फूट-फूटकर रोने लगे। गाकपो और उनकी महिला मित्र नोआ वैन डेर बिज ने हाल ही में अपने अजन्मे बच्चे के गर्भ में ही मौत हो जाने की खबर दी थी।

मोरक्को के इस्सा डियोप ने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम (91वें मिनट) में चेम्सदीन तालबी के लंबे क्रॉस पर हेडर से गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।एस्टाडियो बीबीवीए स्टेडियम में खेले गए 30 मिनट के अतिरिक्त समय में दोनों टीम में से किसी को भी गोल करने का कोई खास अवसर नहीं मिला।

यह टूर्नामेंट का दूसरा मैच था जिसका फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। इससे पहले पराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराया था। यह राउंड ऑफ 32 में दो सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीमों के बीच मुकाबला था। मोरक्को विश्व रैंकिंग में छठे और नीदरलैंड सातवें स्थान पर है।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article