स्पोर्ट्स

भारत के 19 वर्षीय एथलीट मोहम्मद अशफाक ने अमेरिका में किया कमाल, 400 मीटर दौड़ में अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

Mohammad Ashfaq Creates History: भारत के मोहम्मद अशफाक ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर अमेरिका में जारी विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

Image

मोहम्मद अशफाक (X/RFYouthSports)

भारत के 19 वर्षीय एथलीट मोहम्मद अशफाक ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में अंडर-20 राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर अमेरिका में जारी विश्व एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया, जबकि अमानत कंबोज ने प्रतियोगिता के दूसरे दिन महिलाओं की चक्का फेंक (डिस्कस थ्रो) के फाइनल में अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ छठा स्थान हासिल किया। अशफाक ने पहले दौर की हीट पांच में 45.81 सेकंड का समय लिया। वह अपनी हीट में अमेरिका के जेडन डी लियोन (45.63 सेकंड) के बाद दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने कुल मिलाकर चौथे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। अशफाक ने इसी वर्ष अप्रैल में बनाए गए अपने ही पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड 46.05 सेकंड को बेहतर किया।

भारत के एक अन्य खिलाड़ी पीयूष राज हीट छह में 47.78 सेकंड के समय के साथ पांचवें और कुल मिलाकर 35वें स्थान पर रहने के बाद आगे नहीं बढ़ पाए। महिलाओं के चक्का फेंक के फाइनल में 18 वर्षीय कंबोज ने अपने पहले प्रयास में 53.24 मीटर का थ्रो किया जिससे वह छठे स्थान पर रही। यह उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। चीन की सु यिक्सिन ने 61.06 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि अमेरिका की जैसलीन मैसी (58.41 मीटर) और साइप्रस की मरीना हाजिकोस्टा (54.88 मीटर) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए।

पुरुषों की ऊंची कूद में बसंत ने क्वालीफाइंग राउंड ग्रुप ए में 2.14 मीटर की सर्वश्रेष्ठ कूद के साथ पांचवां और कुल मिलाकर 11वां स्थान हासिल करने के बाद फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।भारत के एक अन्य खिलाड़ी के अंबरीश प्रतियोगिता से बाहर हो गए। वह क्वालीफाइंग राउंड ग्रुप बी में केवल 2.05 मीटर की ऊंचाई पार करके 12वें और कुल मिलाकर 24वें स्थान पर रहे। वह अपने तीनों प्रयास में 2.10 मीटर की ऊंचाई पार करने में असफल रहे।

इस बीच महिलाओं के गोला फेंक (शॉट पुट) में अंशु अपने क्वालीफाइंग ग्रुप में 15.24 मीटर के थ्रो के साथ नौवें और कुल मिलाकर 14वें स्थान पर रहने के बाद फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। तनु चौधरी अपनी हीट में पांचवें और कुल मिलाकर 33वें स्थान पर रहने के बाद महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रहीं। उन्होंने 1:00.03 सेकंड का समय लिया।

अमित कुमार ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में अपनी हीट में आठवां और अंतिम स्थान हासिल किया। उन्होंने 54.01 सेकंड का समय लिया। पी रॉयशन और धनुष राज दोनों ही पुरुषों की त्रिकूद के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहे। वे क्रमशः 15.20 मीटर और 14.71 मीटर की छलांग लगाकर 25वें और 34वें स्थान पर रहे।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article