स्पोर्ट्स

FIFA World Cup, MEX vs ECU: मेक्सिको ने एक्वाडोर को नॉकआउट में हराया, 40 साल बाद विश्व कप नॉकआउट मैच जीता

FIFA World Cup 2026, Mexico vs Ecuador: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक और दिलचस्प राउंड ऑफ 32 नॉकआउट मुकाबला हुआ जहां टूर्नामेंट की सह-मेजबान मेक्सिको की टीम ने एक्वाडोर के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज करके राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई, जिसके साथ ही एक्वाडोर का सफर विश्व कप में समाप्त हो गया।

Image

मेक्सिको ने एक्वाडोर को हराकर फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई

Photo : AP

FIFA World Cup 2026, MEX vs ECU: मैक्सिको सिटी में खेले गए फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मैच में टूर्नामेंट के सह-मेजबान मेक्सिको ने एक और यादगार जीत को अंजाम दिया। आंधी-तूफान के कारण मैच निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ। मैच शुरू होने के बाद जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में नौ मिनट के अंतराल में गोल किए जिससे मैक्सिको ने इक्वाडोर को 2-0 से हराकर 'राउंड ऑफ 16' में जगह बनाई और नॉकआउट चरण में जीत हासिल करने के 40 साल के सूखे को खत्म किया।

क्विनोनेस ने 22वें मिनट में मैक्सिको के लिए पहला गोल किया जबकि जिमेनेज ने 31वें मिनट में उसकी बढ़त दोगुनी कर दी। मैक्सिको की टीम ने 1986 में टूर्नामेंट की मेजबानी करते हुए राउंड ऑफ 16 में बुल्गारिया को हराने के बाद से नॉकआउट चरण का कोई मैच नहीं जीता था।

इसके बाद मैक्सिको को 1994, 1998, 2002, 2006, 2010, 2014 और 2018 के विश्व कप में अंतिम 16 में लगातार सात बार हार का सामना करना पड़ा। वह कतर में 2022 में खेले गए विश्व कप में ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था। मैक्सिको रविवार को अपने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड और कांगो के बीच बुधवार को होने वाले मैच के विजेता का सामना करेगा।

मौसम से प्रभावित होने वाला यह टूर्नामेंट का दूसरा मैच था। फ्रांस और इराक के बीच 22 जून को फिलाडेल्फिया में खेले गए मैच के दौरान तूफान के कारण पहले हाफ के आखिर में दो घंटे 11 मिनट तक खेल नहीं हो पाया था।

फ्रांस और नॉर्वे भी आगे पहुंचे, आइवरी कोस्ट और स्वीडन हुए बाहर

इसके अलावा, दिन के अन्य मैचों में सबसे पहले नॉर्वे की टीम ने आइवरी कोस्ट को अर्लिंग हालैंड के अंतिम क्षणों में गोल से नॉर्वे ने 2-1 से जीत दर्ज करके 28 साल में पहली बार विश्व नॉकआउट मैच जीता और आइवरी कोस्ट को टूर्नामेंट से बाहर किया। फिर दिन के दूसरे मैच में फ्रांस ने अपने स्टार कप्तान काइलियन एमबाप्पे के दो गोल के दम पर स्वीडन को 3-0 से करारी शिकस्त दी और स्वीडन को टूर्नामेंट से बाहर करके फ्रेंच टीम ने राउंड ऑफ 16 में सातवीं बार जगह बनाई।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article