स्पोर्ट्स

Men's Hockey Junior Asia Cup 2024: भारत ने लगाई गोलों की झड़ी, चीनी ताइपे को 16-0 से रौंदा, हुई सेमीफाइनल में एंट्री

भारतीय हॉकी टीम ने मस्कट में चल रहे पुरुषों के जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में शनिवार को चीनी ताइपे पर 16-0 की शानदार जीत के साथ के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

Image

भारत बनाम चाइनीज ताइपे (साभार Hockey India)

मस्कट: गत चैंपियन भारत ने पुरुषों के जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में शनिवार को चीनी ताइपे पर 16-0 की शानदार जीत के साथ के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। दिलराज सिंह ने चार गोल करके भारतीय आक्रमण का नेतृत्व किया, जबकि रोसन कुजूर और सौरभ आनंद कुशवाहा ने हैट्रिक लगाई। भारतीय खिलाड़ियों के दबदबे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने चीनी ताइपे को कोई मौका नहीं दिया।

सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय टीम

कोच पीआर श्रीजेश द्वारा प्रशिक्षित टीम पूल ए में नौ अंकों के साथ जापान (छह) से आगे है और टीम ने पूल चरण में एक मैच शेष रहते अंतिम-चार के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारत अपने अंतिम ग्रुप मैच में एक दिसंबर को कोरिया से भिड़ेगा, जबकि सेमीफाइनल तीन दिसंबर को होगा। भारत ने इस मुकाबले में सावधानी से शुरुआत की। योगंबर रावत ने सातवें मिनट में गोल करके भारत को बढ़त दिलाई।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने बनाई 5-0 की बढ़त

दूसरे क्वार्टर में सौरभ कुशवाह (20वें, 28वें), दिलराज सिंह (17वें) और रोसन कुजूर (23वें) ने मध्यांतर तक भारत को 5-0 से आगे कर दिया। भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में पूरी तरह हावी रही और टीम ने 15 मिनट के अंदर आठ गोल दागे। कुजूर ने 32वें और 42वें मिनट में गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की, जबकि दिलराज ने 40वें और 45वें मिनट में दो और गोल किए। अर्शदीप सिंह (37वें, 44वें), प्रियोबर्ता तालेम (31वें) और शारदा नंद तिवारी (39वें) ने गोल करके भारत को मजबूत बढ़त दिलाई।

अरिजीत सिंह हुंदल (54वें) ने आखिरी क्वार्टर गोल करके भारत के दबदबे को जारी रखा जबकि दिलराज ने 57वें मिनट में अपना चौथा गोल दागा। इस मैच में चीनी ताइपे की रक्षा पंक्ति पूरी तरह से चरमरा गई, उनके गोलकीपर टिंन-शोउ ने कुछ शानदार बचाव किये नहीं तो भारत का जीत का अंतर और ज्यादा होता।

डिफेंडिंग चैंपियन है टीम इंडिया

यह टूर्नामेंट अगले साल होने वाले एफआईएच हॉकी जूनियर विश्व कप के लिए क्वालीफायर के रूप में भी काम करेगा,जिसकी मेजबानी भारत करेगा। इस टूर्नामेंट की शीर्ष छह टीमें क्वालीफाई करेंगी, लेकिन मेजबान के रूप में भारत ने पहले ही अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। ऐसे में सातवें स्थान पर रहने वाली टीम भी एक स्थान अर्जित करेगी। भारत जूनियर एशिया कप के इतिहास में चार खिताब (2004, 2008, 2015, 2023) के साथ सबसे सफल टीम रही है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article