स्पोर्ट्स

Tennis Hall Of Fame: टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल हुईं मारिया शारापोवा और ब्रायन बंधु

रूस की पूर्व स्टार महिला टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा और अमेरिका की ब्रायन बंधुओं की धाकड़ जोड़ी को टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किए जाने का ऐलान किया गया है।

Image

टेनिस हॉल ऑफ में शामिल होने वाली मारिया शारोपोवा और ब्रायन बंधु (फोटो क्रेडिट @TennisHalloFame X)

न्यूपोर्ट (अमेरिका): अपने जमाने की दिग्गज टेनिस खिलाड़ी मारिया शारापोवा तथा पुरुष युगल में अपनी विशेष छाप छोड़ने वाले ब्रायन बंधु माइक और बॉब को अंतरराष्ट्रीय टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। इस अवसर पर 23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स भी उपस्थित थीं। उन्होंने अपनी पूर्व प्रतिद्वंद्वी, पूर्व प्रशंसक और सहेली शारापोवा का परिचय कराया। सेरेना 2027 में टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल होने की पात्र होगी।

चुनौती देने वाली खिलाड़ी थीं सारापोवा

सेरेना ने कहा,'मेरे करियर में कुछ ही खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने मुझे हर बार कोर्ट पर उतरते ही सर्वश्रेष्ठ बनने की चुनौती दी। मारिया शारापोवा उनमें से एक थीं। जब भी मैंने ड्रॉ में अपने नाम के बगल में उनका नाम देखा, तो मैंने और कड़ा अभ्यास किया।' इस अवसर पर शारापोवा ने कहा,'आपके आसपास किसी ऐसे खिलाड़ी का होना वरदान से कम नहीं है जो आपको चरम पर पहुंचने के लिए प्रेरित करे। सेरेना ने मुझे हमेशा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करती हूं।'

वर्ल्ड नंबर वन-बनने वाली रूसी महिला प्लेयर

विश्व रैंकिंग में नंबर एक पर पहुंचने वाली रूस की पहली महिला खिलाड़ी और करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाली दस महिला खिलाड़ियों में से एक शारापोवा को अमेरिका के जुड़वा भाईयों माइक और बॉब ब्रायन के साथ टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इस मौके पर हॉल ऑफ़ फ़ेमर्स मार्टिना नवरातिलोवा, जिम कूरियर, स्टेन स्मिथ और एंडी रॉडिक भी अपने नीले हॉल ऑफ फेम ब्लेजर पहने हुए दर्शकों में शामिल थे। शारापोवा और ब्रायन बंधुओं को एक कास्ट टेनिस रैकेट भी दिया गया, जो हॉल ऑफ फेम की ओर से शामिल होने वालों के लिए नया उपहार है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article