स्पोर्ट्स

मेसी ने बीच मैच छोड़ा मैदान, चोटिल होने की आशंका; फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को लग सकता है बड़ा झटका

लियोनेल मेसी के विश्व कप से पहले चोटिल होने की आशंका बन गई है। क्योंकि, अर्जेंटीना के इस स्टार फुटबॉलर ने इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए मैच के बीच में मैदान छोड़ दिया था। इस तरह से मेसी समय से पहले अवकाश पर चले गए और अब मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को यह देखना होगा कि क्या उन्हें कोई चोट लगी है या नहीं।

Image

लियोनेल मेसी हुए चोटिल। फोटो- AP

मियामी, (एपी)। लियोनेल मेसी के विश्व कप से पहले चोटिल होने की आशंका बन गई है। क्योंकि, अर्जेंटीना के इस स्टार फुटबॉलर ने इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए मैच के बीच में मैदान छोड़ दिया था। इस तरह से मेसी समय से पहले अवकाश पर चले गए और अब मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को यह देखना होगा कि क्या उन्हें कोई चोट लगी है या नहीं। मेसी 73वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए। लुई सुआरेज के तीन गोल की मदद से इंटर मियामी ने इस मैच में फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ 6-4 से जीत हासिल की।

मेसी की किसी भी समस्या के बारे में तत्काल कोई पता नहीं चल पाया है। इंटर मियामी के साथ अपने तीन साल के कार्यकाल के दौरान मेसी को कम से कम दो बार हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझना पड़ा है। मेसी ने मैदान छोड़ने से पहले कम से कम एक बार अपनी बायीं हैमस्ट्रिंग को स्पर्श किया और फिर जब उन्हें सब्स्टीट्यूट किया जा सकता था तो वह इंटर मियामी के बेंच की ओर भी नहीं गए। मेसी मैदान को टीम के लॉकर रूम से जोड़ने वाली सुरंग से होते हुए बाहर निकल गए।

बारिश के चलते मैदान पर हुई फिसलन

मेसी धीरे-धीरे चल रहे थे और उनके साथ टीम के मेडिकल स्टाफ का कोई भी सदस्य नहीं था। मैच के दूसरे हाफ की शुरुआत में ही तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे कुछ खिलाड़ी मैदान पर फिसलते हुए नजर आए। यह स्पष्ट नहीं था कि मेसी का मैदान से बाहर जाना एहतियाती कदम था या नहीं। ऐसा भी नहीं लगा कि बारिश के दौरान उन पर किसी तरह की चोट लगी हो। मेसी पहले भी कह चुके हैं कि वह पूरी तरह फिट होने पर ही विश्व कप में खेलेंगे।

दो बार जीत चुके हैं गोल्डन बॉल

अर्जेंटीना ग्रुप चरण का अपना पहला मैच 16 जून को खेलेगा। मेसी पांच विश्व कप में हिस्सा ले चुके हैं और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में दो बार गोल्डन बॉल पुरस्कार जीत चुके हैं। उन्होंने यह पुरस्कार पहली बार 2014 में और फिर 2022 में जीता था, जब उन्होंने अर्जेंटीना को खिताब दिलाया था। यह पुरस्कार 1982 से ही दिया जा रहा है, लेकिन वह इसे दो बार जीतने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं।

अर्जेंटीना को लग सकता है बड़ा झटका

अर्जेंटीना विश्व कप के ग्रुप जे में है, जिसमें उसका सामना 16 जून को कंसास सिटी में अल्जीरिया, 22 जून को अर्लिंग्टन, टेक्सास में ऑस्ट्रिया और 27 जून को अर्लिंग्टन में ही जॉर्डन के खिलाफ होगा। अर्जेंटीना अगर आगे बढ़ता है तो मेसी को मियामी गार्डंस में भी खेलने का मौका मिल सकता है लेकिन यह इस पर निर्भर करता है कि यह स्टार स्ट्राइकर विश्व कप में खेलते भी है या नहीं क्योंकि इसमें अभी कुछ संदेह लग रहा है।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article