स्पोर्ट्स

थाइलैंड ओपन से बाहर हुए लक्ष्य सेन,अगले दौर में पहुंची मालविका, आकर्षि और उन्नति

भारत के युवा बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन का सफर थाइलैंड ओपन में पहले ही दौर में थम गया। वहीं मालविका बंसोड़, आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा महिला एकल के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं।

Image

लक्ष्य सेन

बैंकॉक: स्टार भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन थाईलैंड ओपन के पहले दौर से बाहर हो गए जबकि मालविका बंसोड़, आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा इस 4,75,000 डॉलर इनामी सुपर 500 टूर्नामेंट में कड़े मुकाबले जीतकर महिला एकल के दूसरे दौर में पहुंच गईं। विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान के साथ त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारत की शीर्ष खिलाड़ी हैं और इस महिला युगल जोड़ी ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करते हुए ओंग शी और सी टिंग की मलेशिया की जोड़ी को 21-15, 21-13 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई।

भारत की तीसरी वरीय जोड़ी अगले दौर में जापान की रुइ हिरोकामी और सयाका होबारा से भिड़ेंगी। सेन को आयरलैंड के एन एंगुयेन ने एक घंटे 20 मिनट तक चले मैच में 18-21, 21-9, 17-21 से हराया। पहला गेम हारने के बाद सेन ने दूसरे में लय हासिल कर ली लेकिन निर्णायक गेम में एंगुयेन ने उन्हें उबरने का मौका ही नहीं दिया।

प्रियांशु राजावत भी पहले दौर में बाहर हो गए जिन्हें इंडोनेशिया के अल्वी फरहान ने 21-13, 17-21, 21-16 से मात दी। महिला एकल में दुनिया की 23वें नंबर की खिलाड़ी मालविका ने तुर्की की नेस्लिहान आरिन को तीन गेम में 21-12, 13-21, 21-17 से हराया। वह अगले दौर में पूर्व विश्व चैंपियन और सातवीं वरीय रतचानोक इंतानोन से भिड़ेंगी। आकर्षि ने जापान की कोआरू सुगियामा को 21-16, 20-22, 22-20 से हराया। उन्नति ने थाईलैंड की थामोंवान एन को 21-14, 18-21, 23-21 से मात दी।

रक्षिता श्री संतोष रामराज पहले दौर में सिंगापुर की यिओ जिया मिन से 18-21, 7-21 से हार गई। पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन अनुपमा उपाध्याय को इंतानोन के खिलाफ एकतरफा मुकाबले में 11-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। के सेल्वम और एस सिंघी की महिला युगल तथा पी कृष्णमूर्ति रॉय और एस प्रतीक के की पुरुष युगल जोड़ी को भी पहले दौर में हार झेलनी पड़ी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article