Most Goals In FIFA World Cup: काइलियन एमबाप्पे ने एक बार फिर अपना शानदार खेल दिखाया और दो गोल करके फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 32 मैच में स्वीडन के खिलाफ अपनी टीम फ्रांस को 3-0 से जीत दिलाई। अब इस जीत के साथ फ्रांस की टीम अंतिम 16 में पहुंच गई है। ब्रैडली बारकोला ने भी गोल किया और फ्रांस ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपनी शानदार शुरुआत जारी रखी। वर्ल्ड कप के इतिहास में, फ्रांस लगातार पांच मैच खेलने वाला पहला देश बन गया है, जिसमें उसने हर मैच में कम से कम तीन गोल किए हैं। इसके साथ ही एमबाप्पे ने फीफा विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने के विश्व रिकॉर्ड की रेस को तेज और दिलचस्प बना दिया है। अब वो मेसी से सिर्फ एक गोल पीछे हैं।
फ्रेंच कप्तान एमबाप्पे FIFA वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा गोल करने वालों की लिस्ट में अकेले दूसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने दो गोल करके वर्ल्ड कप में अपने कुल गोल की संख्या 18 पहुंचा दी है; अब वे जर्मनी के पूर्व महान खिलाड़ी मिरोस्लाव क्लोज़ से दो गोल आगे हो चुके हैं और लियोनेल मेसी से सिर्फ़ एक गोल पीछे हैं। आने वाले दिनों में इन दोनों टॉप खिलाड़ियों के बीच रैंकिंग में और बदलाव होने की पूरी संभावना है।
स्वीडन के खिलाफ फ्रांस के कोच डिडियर डेसचैम्प्स की टीम ने पहले हाफ के ज़्यादातर समय गोल करने की कोशिश की, लेकिन सफलता तब मिली जब एमबाप्पे ने बॉक्स के अंदर शानदार फुटवर्क दिखाया और गेंद को कोने में दागा।
दूसरे हाफ में स्वीडन की वापसी की उम्मीदें जल्द ही खत्म हो गईं। मुख्य प्लेमेकर माइकल ओलिस ने ब्रैडली बारकोला के लिए सटीक पास दिया, जिन्होंने दूसरा गोल दागा। बाद में ओलिस ने अपने कप्तान को एक बेहतरीन पास दिया, जिसे एमबाप्पे ने शानदार ढंग से गोल में बदलकर नॉकआउट स्टेज में अपने गोल की संख्या 10 तक पहुंचा दी।
सातवीं बार राउंड ऑफ 16 में फ्रांस
फ्रांस की फुटबॉल टीम सातवीं बार (1986, 1998, 2006, 2014, 2018, 2022 के बाद) राउंड ऑफ़ 16 में पहुंची है। फांस (4) से ज़्यादा बार लगातार इस राउंड में पहुंचने का रिकॉर्ड सिर्फ़ ब्राज़ील (11) और अर्जेंटीना (राउंड ऑफ़ 32 मैच से पहले 5) के नाम है। अब वे 5 जुलाई को फ़िलाडेल्फ़िया में पैराग्वे का सामना करेंगे।
