FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही साइबर ठग एक्टिव हो गए हैं। केरलम पुलिस ने गुरुवार को फुटबॉल फैंस को आगाह किया है। पुलिस का कहना है कि नकली ओटीटी ऐप के जरिए लोगों को ठगा जा रहा है। ये ठग सोशल मीडिया पर 'फीफा वर्ल्ड कप लाइव फ्री', '1000+ टीवी चैनल फ्री' और 'प्रीमियम ओटीटी कंटेंट फ्री' जैसे विज्ञापन दिखाते हैं। ऐसे विज्ञापन फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, वाट्सएप और यूट्यूब पर चल रहे हैं। इन विज्ञापनों में जो ऐप दिखाए जाते हैं, वे देखने में बिल्कुल असली लगते हैं। पुलिस ने बताया कि जब कोई यूजर इन नकली ऐप को डाउनलोड कर लेता है, तो उससे सॉफ्टवेयर अपडेट, सब्सक्रिप्शन चालू करने या दूसरी सर्विस एक्टिवेट करने को कहा जाता है। जैसे ही यूजर इन बातों को मान लेता है, ऐप फोन की कई परमिशन मांग लेता है। इनमें एक्सेसिबिलिटी सर्विस, स्क्रीन ओवरले और नोटिफिकेशन एक्सेस शामिल हैं।
फीफा वर्ल्ड कप के नाम पर ठगी
इन परमिशन से फोन की सुरक्षा कमजोर हो जाती है। इसके बाद ठग यूजर की जानकारी के बिना फोन का कंट्रोल ले लेते हैं। फिर वे यूपीआई ऐप के जरिए बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं। यूजर को पता भी नहीं चलता और उसका पैसा गायब हो जाता है। केरल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि फीफा वर्ल्ड कप देखने के लिए सोशल मीडिया से मिले किसी भी लिंक या फाइल को डाउनलोड न करें। कोई भी ऐप सिर्फ गूगल प्ले स्टोर या एपल ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें। ये दोनों प्लेटफॉर्म सुरक्षित हैं।
पुलिस ने जारी की चेतावनी
पुलिस ने कहा कि मुफ्त में मैच दिखाने का दावा करने वाले ऐप से बचें। कोई भी कंपनी इतने बड़े टूर्नामेंट को फ्री में नहीं दिखाती। अगर कोई ऐसा दावा करे तो समझ जाएं कि यह ठगी है।फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 11 जून को होगी और फाइनल 19 जुलाई को खेला जाएगा। इस दौरान ठग और भी एक्टिव हो सकते हैं। इसलिए सतर्क रहें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। ओटीपी, बैंक डिटेल या यूपीआई पिन किसी के साथ शेयर न करें। अगर आपके साथ ऐसी कोई ठगी होती है तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
