Sumit Nagal Tennis: भारतीय टेनिस स्टार सुमित नागल ने आखिरकार दो साल से ज्यादा लंबे इंतजार को खत्म करते हुए एटीपी चैलेंजर खिताब पर कब्जा जमा लिया। रोमानिया के टार्गु मुरेस में खेले गए इंटारो ओपन क्ले कोर्ट टूर्नामेंट के फाइनल में नागल ने फ्रांस के क्वालीफायर फेलिक्स बालशॉ को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराया। शनिवार को मिली यह जीत नागल के करियर का सातवां एटीपी चैलेंजर एकल खिताब है। चैलेंजर स्तर पर उनका आखिरी खिताब जून 2024 में जर्मनी के हेलब्रॉन में आया था। इसके बाद से वह खिताबी सूखे से जूझ रहे थे। क्ले कोर्ट पर यह उनकी पांचवीं ट्रॉफी है, जो लाल बजरी पर उनकी मजबूत पकड़ को साबित करती है।
दो साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे थे नागल
28 साल के नागल पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म और रैंकिंग में गिरावट से जूझ रहे थे। इस खिताब से उन्हें 75 एटीपी रैंकिंग अंक मिले हैं। उम्मीद है कि नई रैंकिंग में वह लगभग 219वें स्थान पर पहुंच जाएंगे। साथ ही उन्हें 15,510 यूरो की पुरस्कार राशि भी मिली।
फाइनल मुकाबले में नागल ने बेसलाइन से शानदार खेल दिखाया। पहला सेट उन्होंने आसानी से 6-3 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में बालशॉ ने कड़ी टक्कर दी और एक समय मैच बराबरी पर ला दिया। लेकिन अहम मौकों पर नागल ने धैर्य नहीं खोया और आखिरी गेम्स में बेहतरीन शॉट्स लगाकर 7-5 से सेट और मैच जीत लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- फीफा वर्ल्ड कप से ईरान भी हुआ बाहर, ऑस्ट्रिया और अल्जीरिया ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में पहुंचे
इससे पहले 13 चैलेंजर्स टूर्नामेंट में मिली निराशा
यह खिताब नागल के लिए बेहद अहम समय पर आया है। इस सीजन वह ज्यादातर चैलेंजर सर्किट पर ही खेल रहे थे और लगातार शुरुआती दौर में हार का सामना कर रहे थे। इस टूर्नामेंट से पहले वह 13 चैलेंजर इवेंट्स में खेले, लेकिन सिर्फ मोल्दोवा के चिसिनाउ टूर्नामेंट में ही क्वार्टर फाइनल तक पहुंच पाए थे। नागल एक बार फिर दुनिया के टॉप-100 खिलाड़ियों में वापसी की कोशिश कर रहे हैं। तार्गु मुरेस की यह जीत उनके आत्मविश्वास के लिए बड़ा बूस्ट साबित होगी। क्ले कोर्ट सीजन में मिली इस सफलता से उन्हें आने वाले टूर्नामेंटों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
