स्पोर्ट्स

भारतीय निशानेबाज मेघना सज्जनार ने जीता पहला विश्व कप पदक, भारत पांचवें स्थान पर रहा

Meghna Sajjanar Wins First Medal In Shooting World Cup: मेघना सज्जनार ने रविवार को यहां महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक के साथ विश्व कप में अपना पहला पदक जीता, जिससे भारत ने सत्र के अंतिम आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/पिस्टल) में पांचवें स्थान पर रहकर अपने अभियान का अंत किया।

Image

मेघना सज्जनार (X/OfficialNRAI)

मेघना सज्जनार ने रविवार को यहां महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक के साथ विश्व कप में अपना पहला पदक जीता, जिससे भारत ने सत्र के अंतिम आईएसएसएफ विश्व कप (राइफल/पिस्टल) में पांचवें स्थान पर रहकर अपने अभियान का अंत किया। मेघना ने फाइनल में 230.0 का स्कोर बनाकर कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में चीन की उभरती हुई स्टार पेंग शिनलू का दबदबा रहा, जिन्होंने 255.3 के स्कोर के साथ हमवतन वांग ज़िफ़ेई के 254.8 के स्कोर का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा। नॉर्वे की जेनेट हेग डुएस्टैड ने रजत पदक जीता।

शनिवार को ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया था। चीन तीन स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष पर, जबकि नॉर्वे दो स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। रविवार की सुबह मेघना ने दूसरी क्वालीफिकेशन रैली में 632.7 का स्कोर बनाकर सातवां, जबकि पेंग ने 637.4 का शानदार स्कोर बनाकर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

चीनी खिलाड़ी ने 24 शॉट के फाइनल की शुरुआत 10.9 के परफेक्ट स्कोर के साथ की, जबकि मेघना पांच एकल शॉट की पहली सीरीज के बाद आठ महिलाओं की श्रेणी में सबसे निचले स्थान पर थीं। भारतीय खिलाड़ी ने दूसरी सीरीज में 52.3 अंक बनाकर अच्छी वापसी की और कांस्य पदक अपने नाम किया।

भारत के एक अन्य खिलाड़ी किरण अंकुश जाधव ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन क्वालीफिकेशन राउंड में 590 अंक हासिल कर चौथा स्थान हासिल करके फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में हालांकि, पहले नीलिंग पोजीशन और फिर दूसरे प्रोन पोजीशन में उनकी शुरुआत बेहद खराब रही, जिसके कारण वे 40 शॉट के बाद 406.7 स्कोर के साथ आठवें स्थान पर रहे।

भारत के अन्य खिलाड़ियों में पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता स्वप्निल कुसाले ने 587 अंक बनाकर कुल 21वां और पदक दावेदारों में 19वां स्थान हासिल किया। बाबू सिंह पंवार 583 अंक के साथ उनसे पीछे रहे। महिलाओं की एयर राइफल में ओलंपियन रमिता जिंदल 629.8 अंक के साथ कुल 22वें और पदक के दावेदारों में 16वें स्थान पर रहीं, जबकि कशिका प्रधान ने 626.6 अंक बनाए।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article