स्पोर्ट्स

Paris Olympics 2024: पुरुषों की 20 KM पैदल चाल इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों का निराशाजनक प्रदर्शन, अक्षदीप बीच में हटे

Paris Olympics 2024: पेरिस ओलंपिक 2024 में गुरुवार का दिन भारत के एथलेटिक्स के लिए अच्छा नहीं रहा। पुरुषों के 20 किलोमीटर पैदल चाल इवेंट में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। दो खिलाड़ियों ने रेस पूरा किया, जबकि एक खिलाड़ी छह किमी दौरने के बाद रेस से हट गए।

Image

इवेंट में हिस्सा लेने के बाद भारतीय खिलाड़ी। (फोटो- jiocinema screengrab)

Paris Olympics 2024: भारतीय खिलाड़ियों का गुरुवार को यहां पेरिस ओलंपिक खेलों की पुरुषों के 20 किलोमीटर पैदल चाल में निराशाजनक प्रदर्शन रहा तथा विकास सिंह और परमजीत सिंह जहां क्रमश: 30वें और 37वें स्थान पर रहे, वहीं राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अक्षदीप सिंह छह किमी के बाद हट गए।

इक्वाडोर के ब्रायन डैनियल पिंटाडो ने एक घंटा 18 मिनट और 55 सेकंड में रेस पूरी करके स्वर्ण पदक जीता। उनकी तुलना में भारतीय खिलाड़ी काफी पीछे रहे। विकास ने एक घंटा 22 मिनट और 36 सेकंड का समय लिया, जबकि परमजीत ने 1:23:48 सेकंड में फिनिश लाइन पार की।

ब्राजील के काइओ बोनफिम (1:19:09) और मौजूदा विश्व चैंपियन स्पेन के अल्वारो मार्टिन (1:19:11) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते, जबकि तोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता इटली के मासिमो स्टैनो (1:19:12) चौथे स्थान पर रहे।ओलंपिक में पुरुषों की 20 किलोमीटर पैदल चाल में भारत की तरफ से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन केटी इरफान ने 2012 में लंदन ओलंपिक खेलों ने किया था। वह तब एक घंटा 20 मिनट और 21 सेकंड का समय लेकर दसवें स्थान पर रहे थे।

झानले ने पुरुषों की 100 मीटर फ़्रीस्टाइल में बनाया नया विश्व रिकॉर्ड चीन के पैन झानले ने पेरिस ओलंपिक की तैराकी प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर फ़्रीस्टाइल में 46.40 सेकंड का समय लेकर अपने ही पिछले विश्व रिकॉर्ड में सुधार करके स्वर्ण पदक जीता। पेरिस ओलंपिक में तैराकी प्रतियोगिता पिछले चार दिन से चल रही है लेकिन इससे पहले कोई विश्व रिकॉर्ड नहीं बना था। चीन का यह वर्तमान ओलंपिक खेलों में तैराकी में यह पहला स्वर्ण पदक है।

पैन ने इससे पहले फरवरी में दोहा में विश्व चैंपियनशिप में 46.80 सेकंड का समय लेकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इस 19 वर्षीय खिलाड़ी ने बाद में कहा,‘‘यह वास्तव में जादुई पल है। यह रिकॉर्ड केवल चीन की टीम के लिए नहीं बल्कि पूरे विश्व के लिए है। यह इस रिकार्ड को तोड़ने की दिशा में उठाया गया छोटा कदम है।’’ ऑस्ट्रेलिया के काइल चाल्मर्स ने 47.48 सेकंड का समय लेकर रजत और रोमानिया के डेविड पोपोविसी ने 47.49 का समय लेकर कांस्य पदक जीता।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article