स्पोर्ट्स

Women's Junior Asia Cup: भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने जापान को 7-0 से रौंदा, क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की

Women's Junior Asia Cup Hockey: महिला जूनियर एशिया कप हॉकी में भारतीय टीम का दबदबा देखने लायक बन रहा है। भारतीय महिला टीम ने एक और जोरदार जीत दर्ज की है। इस बार जापान को 7-0 से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।

Image

भारत ने महिला जूनियर एशिया कप हॉकी के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई (X/HockeyIndia)

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने एशिया कप में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए अपने तीसरे एलीट पूल मैच में जापान को 7-0 से करारी शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। इस जीत से भारत के तीन मैचों में नौ अंक हो गए हैं और वह अभी एलीट पूल में शीर्ष पर है। भारत बुधवार को पूल के अपने आखिरी मैच में चीन का सामना करेगा, जिससे पूल में शीर्ष स्थान पर रहने वाली टीम का निर्धारण होगा। चीन के अभी दो मैचों में छह अंक हैं।

कोरिया के खिलाफ 4-1 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने और फिर मलेशिया के खिलाफ 11-1 से बड़ी जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ मुकाबले में अपनी आक्रामक लय को बरकरार रखा और शुरुआत से ही खेल पर नियंत्रण बना लिया।

भारत के शुरुआती दबाव का फायदा उसे पांचवें मिनट में मिला जब कृष्णा शर्मा ने गोल दागकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। भारत को नौवें मिनट में जापानी डिफेंडर के सर्कल के अंदर फाउल करने से पेनल्टी मिली। सुप्रिया ने इसे गोल में बदलकर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

भारत ने अपना दबदबा बनाए रखते हुए पहले क्वार्टर के आखिरी क्षणों में तीसरा गोल दागा। पूर्णिमा यादव ने 14वें मिनट में मैदानी गोल किया जिससे भारत ने पहले क्वार्टर में 3-0 की अच्छी बढ़त हासिल कर ली। दूसरे क्वार्टर में जापान ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया और मैच में वापसी की कोशिश की। भारत ने भी अपनी बढ़त मजबूत करने की कोशिश की लेकिन दोनों में से कोई भी टीम इस क्वार्टर में गोल नहीं कर सकी। इस तरह से भारत हाफटाइम तक 3-0 से आगे था।

जापान ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भी आक्रमण को प्राथमिकता दी लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति के सामने उसकी एक नहीं चली। इसके बाद भारत ने पांच मिनट के भीतर तीन गोल दाग दिए। गीता यादव ने 41वें मिनट में मैदानी गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया। गीता ने 45वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। इसके तुरंत बाद पूर्णिमा ने भी अपना दूसरा गोल किया और तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत को 6-0 की बढ़त दिला दी। भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी अपना आक्रामक रुख बरकरार रखा और 50वें मिनट में सानिका चंद्रकांत माने के गोल से टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत सुनिश्चित की।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article