U-23 Commonwealth Fencing: नाइजीरिया के लागोस में हो रही अंडर-23 राष्ट्रमंडल तलवारबाजी चैंपियनशिप में भारतीय दल ने पहले ही दिन धूम मचा दी। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत ने कुल 17 पदक अपने नाम किए, जिनमें 4 स्वर्ण पदक शामिल हैं। यह प्रतियोगिता रविवार से शुरू हुई है और 14 अगस्त तक चलेगी। पहले ही दिन टीम इंडिया ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में दबदबा बना लिया। भारतीय तलवारबाजी संघ के अनुसार भारत ने सेबर, फॉइल और ईपी तीनों श्रेणियों की सभी 6 व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक जीते।
पुरुषों ने किया क्लीन स्वीप
पुरुष सेबर में निखिल वाघ ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को बड़ी बढ़त दिलाई। लक्ष्य बदसर ने रजत जीता, जबकि अश्विनी आर्य और लैशराम मोरम्बा ने कांस्य पदक अपने नाम किए। इस तरह इस स्पर्धा में भारत ने सभी 4 पदक जीते। पुरुष फॉइल में तेजस पाटिल ने रजत और हेमश सनसम ने कांस्य पदक जीता। पुरुष ईपी स्पर्धा में लोकेश वेमानी ने रजत पदक हासिल किया, वहीं शौर्य अश्विनी और गॉडविन अनबकेस ने कांस्य पदक जीतकर भारत का खाता खोला।
महिलाओं ने भी लहराया परचम
महिला वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों ने निराश नहीं किया। महिला फॉइल में जोइस आशिता ने स्वर्ण पदक जीता और कनागलक्ष्मी ने रजत पदक हासिल किया। महिला ईपी में प्राची लोहान ने गोल्ड मेडल जीता। इस स्पर्धा में निवेद्या नायर और अनुप्रिया ने कांस्य पदक जीतकर डबल पोडियम फिनिश दिलाया।महिलाओं की सेबर स्पर्धा में भी भारत का दबदबा देखने को मिला। जेफरलिन ने स्वर्ण, आखारी ने रजत और श्रेया गुप्ता ने कांस्य पदक जीता। इस प्रकार महिला वर्ग में भी भारत ने तीनों रंग के पदक अपने नाम किए।
संघ ने की सराहना
भारतीय तलवारबाजी संघ के महासचिव श्री राजीव मेहता ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, "मैं सभी पदक विजेताओं, कोचों, सपोर्ट स्टाफ और परिवारों को उनकी अथक मेहनत के लिए दिल से बधाई देता हूं। भारत का यह शानदार प्रदर्शन सभी के समर्पण का नतीजा है।"
