स्पोर्ट्स

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत पूरी मजबूती के साथ कर रहा है 2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कहा है कि भारत पूरी मजबूती से साल 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजाबनी हासिल करने के लिए तैयारी में जुटा है।

Image

पीएम नरेंद्र मोदी

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में सरकार ने देश में खेलों के क्षेत्र में व्यापक बदलाव करते हुए 20 से अधिक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किये हैं और भारत ‘पूरी मजबूती से' 2036 के ओलंपिक की मेजबानी की भी तैयारी कर रहा है। वाराणसी में आज से शुरू हुई 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में कई शहरों में फीफा अंडर-17 विश्व कप और हॉकी विश्व कप समेत 20 से अधिक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट आयोजित किए गए हैं।

भारत मजबूती से कर रहा है 2036 ओलंपिक की मेजबानी की तैयारी

उन्होंने कहा,'2030 के राष्ट्रमंडल खेल भी भारत में ही होने जा रहे हैं। भारत पूरी मजबूती से 2036 के ओलंपिक की मेजबानी की भी तैयारी कर रहा है। इसके पीछे प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को खेलने के अधिक से अधिक मौके मिलें।' प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ पर सवार है। देश का हर क्षेत्र, विकास की हर परिभाषा इस ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ से जुड़ रहा है और खेलों की परिभाषा भी इसमें से एक है।

खेल के क्षेत्र में सरकार ने किए हैं व्यापक सुधार

उन्होंने कहा,'खेल के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़े व्यापक सुधार किये हैं। राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम और खेलो भारत नीति 2025... इस प्रकार के प्रावधानों से सही प्रतिभा को अवसर मिलेगा, खेल संगठनों में पारदर्शिता बढ़ेगी और साथ ही देश के युवाओं को खेल और शिक्षा दोनों ही क्षेत्र में एक साथ आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। एक तरफ हम अच्छा मूलभूत ढांचा और वित्त पोषण का तंत्र तैयार कर रहे हैं और उसके साथ ही नौजवानों को शानदार अनुभव देने के लिए भी काम कर रहे हैं।'

खेलों को लेकर सरकार और समाज की सोच में हुआ है बदलाव

मोदी ने कहा कि एक समय था जब खेलों को लेकर सरकार और समाज दोनों में ही उदासीनता का माहौल था। बहुत कम युवा खेल को करियर की तरह अपनाते थे लेकिन बीते दशक में खेलों को लेकर सरकार और समाज दोनों की ही सोच में बदलाव दिख रहा है। प्रधानमंत्री ने खेलों के क्षेत्र में अपनी सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा,'हम स्कूल स्तर पर भी खिलाड़ियों को ओलंपिक का अनुभव देने में जुटे हैं। खेलो इंडिया अभियान की वजह से सैकड़ो युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे आने का मौका मिल रहा है। अभी कुछ दिन पहले ही सांसद खेल महोत्सव का भी आयोजन हुआ है। इसमें भी करीब एक करोड़ युवाओं ने अपनी प्रतिभा दिखाई। सांसद खेल महोत्सव के दौरान मेरी काशी के भी करीब तीन लाख युवाओं ने मैदान पर अपना दमखम दिखाया।'

खेल नक्शे पर जगह बनाना काशी के लिए है अहम

मोदी ने कहा कि वाराणसी में अलग-अलग खेलों से जुड़े स्टेडियम बन रहे हैं। नये खेल परिसर में आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को भी प्रशिक्षण का मौका मिल रहा है। उन्होंने कहा,'मुझे खुशी है कि काशी बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो रही है। वॉलीबॉल की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के जरिए देश के खेल नक्शे पर जगह बनाना भी काशी के लिए बहुत अहम है।'

एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का प्रतीक है वॉलबॉल प्रतियोगिता का आयोजन

प्रधानमंत्री ने वॉलीबाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल हो रहे खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि देश के 28 राज्यों की टीमें यहां आई हैं। आप सब ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की बहुत सुंदर तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने कहा,'मुझे विश्वास है कि राष्ट्रीय वालीबॉल चैंपियनशिप के दौरान बनारस का जोश हाई हो जाएगा। आप सभी खिलाड़ियों को उत्साह बढ़ाने वाले दर्शक भी मिलेंगे और काशी की आतिथ्य परंपरा को जीने का अवसर भी मिलेगा।'

कोई भी जीत अकेले नहीं होती

मोदी ने वॉलीबॉल को टीम भावना से जोड़ने वाला खेल बताते हुए कहा,'मैं तो भारत की विकास गाथा और वालीबॉल में भी बहुत सी समानताएं देखता हूं। वालीबॉल हमें सिखाता है कि कोई भी जीत अकेले नहीं होती है। हमारी जीत हमारे समन्वय, हमारे विश्वास और हमारी टीम की तत्परता पर निर्भर होती है। हर किसी की अपनी भूमिका है। हम तभी सफल होते हैं जब सभी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हैं। हमारा देश भी इसी तरह आगे बढ़ रहा है।'

जेन जी को तिरंगा लहराता देख होता है गर्व

प्रधानमंत्री ने ‘जेन—ज़ी’ का जिक्र करते हुए कहा,'2014 के बाद से अलग-अलग खेलों में भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है। हमें बहुत गर्व होता है जब हम जेन-ज़ी को खेल के मैदान पर तिरंगे को फहराते हुए देखते हैं।' इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और खेलकूद एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद थे। उत्तर प्रदेश में लगभग 43 साल बाद आयोजित हो रही सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 11 जनवरी तक होगा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article