स्पोर्ट्स

Men's Junior Asia Cup Hockey: भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 7-3 से हराया, सेमीफाइनल की तरफ कदम बढ़ाए

India Men's Junior Asia Cup Hockey: एक तरफ जहां भारतीय महिला जूनियर हॉकी टीम ने महिला जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं, दूसरी तरफ भारतीय पुरुष जूनियर हॉकी टीम ने पुरुष जूनियर एशिया कप में दक्षिण कोरिया को 7-3 से हराते हुए सेमीफाइनल की तरफ कदम बढ़ाए हैं।

Image

भारत ने पुरुष जूनियर एशिया कप हॉकी में दक्षिण कोरिया को शिकस्त दी (X/HockeyIndia)

Men's Junior Asia Cup Hockey: कप्तान अनमोल एक्का के दो गोल की मदद से भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने दक्षिण कोरिया को 7-3 से करारी शिकस्त देकर जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए। मैच के पहले तीन क्वार्टर में मुकाबला बराबरी पर रहा लेकिन मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम ने चौथे और अंतिम क्वार्टर में तीन गोल करके दक्षिण कोरिया को पस्त कर दिया।

इस जीत के साथ भारत के तीन मैचों में सात अंक हो गए हैं, जिनमें दो जीत और एक ड्रॉ शामिल है। भारत बुधवार को अपने आखिरी पूल मैच में चीनी ताइपे का सामना करेगा। इस मैच में जीत से उसकी सेमीफाइनल में जगह पक्की हो जाएगी। अनमोल ने एक बार फिर अपने कौशल का शानदार नमूना पेश किया। उन्होंने दो गोल दागकर टूर्नामेंट में अपने कुल गोल की संख्या आठ तक पहुंचा दी।

मैच के शुरुआती तीन क्वार्टर बराबरी पर रहे। भारत ने पांचवें मिनट में ही अनमोल के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल से बढ़त हासिल की। दक्षिण कोरिया ने हालांकि अगले ही मिनट में दोह्योन चोई के पेनल्टी कॉर्नर पर किए गए गोल की बदौलत 1-1 से बराबरी कर ली। लव नूर सिंह ने 18वें मिनट में मैदानी गोल करके भारत को फिर से बढ़त दिला दी, लेकिन दक्षिण कोरिया ने एक बार फिर तुरंत पलटवार किया। ह्योगुक यू ने अगले 60 सेकंड के भीतर पेनल्टी कॉर्नर से गोल करके स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

अजीत यादव ने 20वें मिनट में गोल करके भारत की एक गोल करके हाफ टाइम तक टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। दक्षिण कोरिया ने हालांकि फिर से वापसी की। यू ने एक बार फिर तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जिससे कोरियाई टीम ने 3-3 से बराबरी कर ली। प्रभदीप सिंह ने तीसरे क्वार्टर के आखिर में 42वें मिनट में भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारत में चौथे क्वार्टर में तीन मिनट के अंतराल में तीन गोल दागकर अपनी बड़ी जीत सुनिश्चित की।

गुरसेवक सिंह ने 55वें मिनट में गोल किया। इसके एक मिनट बाद अनमोल ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 6-3 कर दिया। आर्यन ज़ेस ने 58वें मिनट में भारत की तरफ से सातवां गोल दागा। इस हार के बाद दक्षिण कोरिया के छह अंक रह गए हैं और उसे पूल ए में जापान के खिलाफ मैच खेलना है।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article