स्पोर्ट्स

भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए पेश किया दावा: खेल मंत्रालय सूत्र

भारत सरकार ने साल 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद सरकार के साथ मेजबानी का दावा पेश किया है। भारत ने इससे पहले साल 2010 में नई दिल्ली में 19वें राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी।

Image

राष्ट्रमंडल खेल 2030

नई दिल्ली: वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए भारत ने 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन अहमदाबाद में करने के लिए औपचारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश की है। खेल मंत्रालय के एक शीर्ष सूत्र ने बृहस्पतिवार को पीटीआई को यह जानकारी दी। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि इस पर कई सप्ताह से विचार चल रहा था। खेलों की मेजबानी में दिलचस्पी दिखाने से संबंधित दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च थी और भारत का पत्र भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) द्वारा कुछ दिन पहले भेजा गया था।

सूत्र ने कहा, 'हां, यह सच है, भारत की बोली आईओए और गुजरात राज्य द्वारा प्रस्तुत की गई है।' अहमदाबाद शहर को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के लिए चुना गया है और अगर 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भी भारत सफल रहता है तो यह इनकी मेजबानी के लिए भी सबसे आगे है। राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) ने खुद को ‘कॉमनवेल्थ स्पोर्ट’ के रूप में ब्रांड किया है जो अब मूल्यांकन प्रक्रिया का नेतृत्व करेगा और मेजबान की अंतिम नियुक्ति सीजीएफ महासभा द्वारा तय की जाएगी।

बोली प्रस्तुत करने का निर्णय खेल मंत्री मनसुख मांडविया द्वारा हाल में इस बात पर जोर दिए जाने के बाद आया है कि देश खेलों की मेजबानी में रुचि रखता है। भारत ने अंतिम बार 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की थी और देश का लक्ष्य 2036 ओलंपिक की मेजबानी करने का भी है। देश ने उन सभी स्पर्धाओं की मेजबानी करने की इच्छा भी व्यक्त की थी जिन्हें 2026 राष्ट्रमंडल खेलों से हटा दिया गया था ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ग्लास्गो में आयोजन होने पर इसकी पदक तालिका प्रभावित नहीं हो।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article