स्पोर्ट्स

Asian Games: महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को पस्त करके क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

Asian Games, India Beat Pakistan In Women Table Tennis To Enter QF: भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स की महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता के अपने दूसरे मैच में पाकिस्तान को शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल्स में जगह बना ली है।

Image

एशियाडः भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने पाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई (X/SAIMedia)

जापान में जारी एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेलों में अपना दम दिखाना शुरू कर दिया है। दूसरे दिन कई खेलों में भारतीयों को सफलता मिली है।टेबल टेनिस की बात करें तो भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने सोमवार को अपने दूसरे ग्रुप F मैच में कड़े प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है।

रविवार को सिंगापुर के खिलाफ कड़े मुकाबले में 3-2 से जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के बाद, टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर शानदार जीत के साथ एशियन गेम्स के महिला टेबल टेनिस क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

टीम इंडिया ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले की अच्छी शुरुआत की, जिसमें सुतीर्था मुखर्जी ने अलीना खान के खिलाफ 3-0 (11-3, 11-3, 11-4) से शानदार जीत हासिल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई।

भारत अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपनी टीम की बेंच स्ट्रेंथ (बैकअप खिलाड़ियों की क्षमता) को परख रहा था, जिसमें स्टार खिलाड़ियों दिया चितले और यशस्वी घोरपड़े की जगह सुतीर्था और सिंड्रेला दास को खेलने का मौका दिया गया।

सिंड्रेला ने टाई के दूसरे मैच में कल्सूम खान के खिलाफ खेला और भारत ने एक और 3-0 (11-6, 11-7, 11-5) से जीत हासिल की, जिससे उन्हें 2-0 की बढ़त मिल गई। तीसरे मैच में श्रीजा अकुला का मुकाबला फातिमा खान से हुआ, जिसमें उन्होंने फातिमा को 3-0 (11-4, 11-4, 11-5) से हराकर भारत के लिए टाई जीत ली।

इससे पहले टीम इंडिया ने रविवार को अपने ग्रुप F मैच में सिंगापुर के खिलाफ पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए एशियन गेम्स 2026 अभियान की शुरुआत की थी। एक समय भारत 1-2 से पीछे चल रहा था और हार से बस एक मैच दूर था। हालांकि, श्रीजा अकुला और यशस्वी घोरपड़े ने संघर्ष करते हुए आखिरी दो अहम मैच जीतकर भारत को जीत दिलाई।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article