स्पोर्ट्स

AFC U17 Asian Cup qualifiers: भारत ने ब्रूनेई को 13-0 से रौंदकर की अपने अभियान की शुरुआत

भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम ने ब्रुनेई को तेहर शून्य के अंतर से मात देकर U17 एशियाई कप क्वालीफायर के ग्रुप डी में जीत के साथ शुरुआत की।

Image

भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम (Indian Football Team Twitter)

चोनबरी (थाईलैंड): भारत की अंडर-17 लड़कों की फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को अंडर-17 एशियाई कप क्वालीफायर के ग्रुप डी के अपने पहले मैच में ब्रूनेई को 13-0 से रौंद दिया। भारतीय टीम ने आठवें मिनट में ही विशाल यादव के गोल की बदौलत बढ़त बना ली। भारत ने ब्रूनेई की अनुभवहीन टीम को लगातार दबाव में रखा और 24वें मिनट में पेनल्टी पर मोहम्मद अर्बाश के गोल से स्कोर 2-0 कर दिया।

विशाल यादव ने जड़ी हैट्रिक

विशाल ने इसके बाद अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल किया जबकि अर्बाश ने 38वें मिनट में गेंद भरत लेरेनजाम को पहुंचाई जिन्होंने स्कोर 4-0 कर दिया। चार मिनट बाद मोहम्मद कैफ ने भारत की ओर से पांचवां गोल दागा जिससे टीम मध्यांतर तक 5-0 से आगे थी। दूसरे हाफ के छठे मिनट में विशाल ने अपने गोल की हैट्रिक पूरी की। कप्तान नगामगोहु ने 65वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके स्कोर 7-0 किया। नौ मिनट बाद स्थानापन्न खिलाड़ी मनभाकुपर मालनगियांग ने भारत की ओर से आठवां गोल किया।

तुर्कमेनिस्तान और थाईलैंड से अब होगी भिड़ंत

हेमेनेईचुंग लुनकिम (82वें मिनट), अजलान शाह (84वें मिनट), मोहम्मद शमी (86वें मिनट), सुमित शर्मा (88वें मिनट) और उशाम टी सिंह (90 प्लस चार मिनट) ने भी गोल दागकर भारत की आसान जीत सुनिश्चित की। भारत अब शुक्रवार को तुर्कमेनिस्तान और रविवार को थाईलैंड से भिड़ेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article