स्पोर्ट्स

जर्सी विवाद में हॉकी इंडिया की बड़ी कार्रवाई, डीजी आरके श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस

जर्सी विवाद में हॉकी इंडिया ने बड़ी कार्रवाई की है। तत्काल प्रभाव से हॉकी इंडिया के निदेशक महासचिव के तौर पर आपकी सभी शक्तियां समाप्त कर दी गई हैं।

Image

हॉकी इंडिया (साभार-X)

हॉकी इंडिया में अंदरूनी विवाद ने शनिवार को नया मोड़ ले लिया जब अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने महानिदेशक (डीजी) कर्नल आरके श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस भेजकर तत्काल प्रभाव से उनकी सभी शक्तियां वापस ले लीं। नोटिस भेजने के पीछे हॉकी इंडिया में "अनुशासन, जवाबदेही और सुचारू कामकाज बनाए रखना" वजह बताई गई है। टिर्की ने अपने वकील के माध्यम से ईमेल पर भेजे नोटिस में कहा, "मेरे मुवक्किल हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की की ओर से हॉकी इंडिया में अनुशासन, जवाबदेही और सुचारू कामकाज बनाए रखने के हित में आपको सूचित किया जाता है कि तत्काल प्रभाव से हॉकी इंडिया के निदेशक महासचिव के तौर पर आपकी सभी शक्तियां समाप्त की जाती हैं।"

’पीटीआई’ के पास मौजूद इस पत्र में आगे कहा गया, ’’हॉकी इंडिया के उपनियमों के तहत आगे कोई फैसला होने तक श्रीवास्तव संगठन की ओर से किसी भी तरह का अधिकार इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे और न ही उसकी तरफ से कोई काम कर सकेंगे।’’

नोटिस में डीजी को हॉकी इंडिया का पूरा संचालन संबंधी प्रभार सौंपने का भी निर्देश दिया गया है। इसमें सभी आधिकारिक रिकॉर्ड, दस्तावेज, फाइलें, आधिकारिक एक्सेस संबंधी जानकारी, संपत्तियां और लंबित मामलों को अध्यक्ष कार्यालय की ओर से लिखित रूप से नामित पदाधिकारियों या व्यक्तियों को सौंपने को कहा गया है। इसका उद्देश्य संगठन के कामकाज में निरंतरता बनाए रखना और हॉकी इंडिया का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है।

यह पत्र हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों और कार्यकारी बोर्ड के सदस्यों को भी भेजा गया है। श्रीवास्तव से इस मामले में प्रतिक्रिया लेने के लिए कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article