स्पोर्ट्स

एशियन गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान, दिग्गज खिलाड़ी को बनाया कप्तान

हॉकी इंडिया ने आगामी 20वें एशियन गेम्स के लिए 20 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। हरमनप्रीत सिंह टीम की अगुआई करेंगे। मोहित और सूरज टीम के दो गोलकीपर के रूप में टीम में शामिल हैं। भारत ने बेहद तगड़ी डिफेंस लाइन बनाई है। भारत अपना पहला मुकाबला 20 सितंबर को खेलेगा।

Image

एशियन गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम का ऐलान। फोटो- ANI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जापान के आइची नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स के लिए हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय टीम का एलान कर दिया है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी टीम गोल्ड मेडल के लिए चुनौती पेश करेगी। स्क्वाड में अनुभवी और उभरते हुए खिलाड़ियों का संयोजन शामिल किया गया है।

मोहित और सूरज करकेरा गोलकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत के अलावा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच विरोधियों के लिए रक्षा पंक्ति का काम करेंगे। ये भारत की डिफेंस लाइन होगी। मिडफील्ड के रूप में राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा और विवेक सागर टीम स्क्वाड में शामिल किए गए हैं।

हरमनप्रीत करेंगे कप्तानी

हॉकी इंडिया ने बुधवार को आगामी 20वें एशियाई खेलों के लिए 20 सदस्यीय भारतीय मेंस हॉकी टीम की घोषणा की। ये खेल जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होंगे। एक विज्ञप्ति के अनुसार, स्टार डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी जारी रखेंगे, जबकि भारत के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह टीम को अपना अहम अनुभव देंगे। इस टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और उभरती प्रतिभाओं का मिश्रण है।

मजबूत डिफेंस और मिडफील्ड लाइन-अप

गोलकीपिंग यूनिट में मोहित एचएस और सूरज करकेरा शामिल हैं, जबकि डिफेंस लाइन में जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच हैं। मिडफील्ड को संभालने के लिए टीम राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांता शर्मा और विवेक सागर प्रसाद पर निर्भर करेगी। वहीं, अटैकिंग लाइन की कमान दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह और अभिषेक संभालेंगे।

पूल-ए में भारत

भारत डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरेगा। साल 2023 के एशियाई खेलों में भारत ने गोल्ड मेडल जीता था। टीम इंडिया को मेजबान जापान, कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ पूल A में रखा गया है। गोल्ड मेडल के लिए 12 टीमें मुकाबला करेंगी, जिन्हें छह-छह टीमों के दो पूल में बांटा गया है। सभी मैच काकामिगहारा के गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे।

एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम का शेड्यूल

भारत अपने एशियाई खेलों के अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम 22 सितंबर को श्रीलंका, 24 सितंबर को कोरिया और 26 सितंबर को जापान का सामना करेगी और 28 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ पूल स्टेज के अपने आखिरी मैच के साथ अभियान का समापन करेगी।

एशियन गेम्स के लिए भारतीय हॉकी टीम-

गोलकीपर:- मोहित एचएस, सूरज करकेरा।

डिफेंडर:- जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच।

मिडफील्डर:- राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद।

फॉरवर्ड:- दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मनदीप सिंह, अभिषेक।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article