स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: भारत ने चीन को 7-0 रौंदकर की एशिया कप हॉकी के फाइनल में एंट्री, दक्षिण कोरिया से होगी खिताबी भिड़ंत

भारत की पुरुष हॉकी टीम ने बिहार के राजगीर में आयोजित हो रहे हॉकी एशिया कप के फाइनल में एंट्री कर ली है। चीन को ग्रुप फोर के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करके एकतरफा जीत दर्ज की और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

Image

भारत बनाम चीन (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

राजगीर: हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को राजगीर के बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी हॉकी स्टेडियम में खेले गए सुपर फोर के मुकाबले में 7-0 के अंतर से मात देकर एशिया कप 2025 के फाइनल में धमाकेदार अंदाज में एंट्री कर ली है। फाइनल में एंट्री के लिए भारतीय टीम के लिए इस मुकाबले में जीत दर्ज करने या ड्रॉ कराने की जरूरत थी। ऐसे में भारतीय टीम ने पहला रास्ता अपनाया और चीन को धमाकेदार अंदाज में पटखनी देकर फाइनल में एंट्री कर ली। भारत के लिए मैच में शिलानंद लकड़ा(4'),दिलप्रीत सिंह(7'), मनदीप सिंह(18'), राजकुमार पाल(37') और सुखजीत सिंह(39'), अभिषेक (46', 49') ने किए। ग्रुप दौर में भारतीय टीम को कड़ी चुनौती देने वाली चीन की टीम सुपर फोर के मुकाबले में असहाय नजर आई। उस मुकाबले को भारतीय टीम 4-3 के अंतर से बमुश्किल जीतने में सफल हुई थी। फाइनल में भारत की डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण कोरिया के साथ 7 सितंबर को खिताबी भिड़ंत होगी।

भारत ने की मैच में धमाकेदार शुरुआत

भारत ने पहले क्वार्टर में बेहद आक्रामक शुरुआत की और लगातार मौके बनाए। शिलानंद लकड़ा ने चौथे ही मिनट में फील्ड करके पहला गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी तेज अटैकिंग हॉकी से चीनी डिफेंस को दबाव में रखा और एक और गोल सातवें मिनट में कर दिया। इस बार मनदीप सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वार्टर के अंत में स्कोर भारत के पक्ष में 2-0 था। भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले की शुरुआत में रफ्तार और तालमेल की शानदार मिसाल पेश की और इसके साथ ही भारतीय टीम की करो या मरो वाले मुकाबले में पकड़ मजबूत हो गई।

दूसरे क्वार्टर में 3-0 से आगे हुआ भारत

दूसरा क्वार्टर की शुरुआत भारत ने 2-0 की बढ़त के साथ की और अपना आक्रामक रुख पहले क्वार्टर की तरह बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ी लगातार चीनी गोल पोस्ट पर हमला करते रहे। हालांकि, कुछ मौकों पर चीन के डिफेंस ने शानदार बचाव किया। भारत के पास और बढ़त बनाने के कई मौके आए लेकिन फिनिशिंग में थोड़ी कमी रह गई। दूसरे क्वार्टर में एक गोल मनदीप सिंह ने 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर किया। इसके बाद सेकेंड क्वार्टर में और कोई गोल नहीं हुआ और हाफ टाइम तक भारतीय टीम ने 3-0 से बढ़त बना ली।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने किए दो गोल

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ। चीन की टीम ने इस क्वार्टर में गति बढ़ाई और कुछ शानदार मूव बनाए, लेकिन भारतीय गोल पोस्ट को भेद पाने में नाकाम रही। तीसरे क्वार्टर के खत्म होते-होते भारत ने अपना बढ़त कायम रखी और मुकाबला चीन पर पूरी तरह हावी रहा। 36वें मिनट में राजकुमार पाल ने फील्ड गोल करके भारत को 4-0 से आगे कर दिया। इसके कुछ देर बाद सुखजीत सिंह ने 39वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके बढ़त को 5-0 से आगे कर दिया।

भारत ने दर्ज की धमाकेदार जीत, कोरिया से होगी खिताबी भिड़ंत

चौथे क्वार्टर की शुरुआत भारत ने गोल के साथ की। चौथे क्वार्टर के पहले और मैच के 46वें मिनट में अभिषेक ने गोल करके भारत को 6-0 से आगे कर दिया। इसके चार मिनट बाद अभिषेक ने फिर आक्रमण किया और गेंद को गोल पोस्ट में भेज कर भारत को 7-0 की बढ़त दिला दी। इसी स्कोर लाइन के साथ भारत ने मैच का अंत किया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। फाइनल में भारत की खिताबी भिड़ंत डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण कोरिया के साथ होगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article