स्पोर्ट्स

सभी भारतीय महिला मुक्केबाज राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम: मुख्य कोच नीवा

भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के मुख्य कोच सैंटियागो नीवा ने कहा कि उनकी प्रत्येक खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम है और उम्मीद जताई कि टीम पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेगी। भारतीय महिला मुक्केबाजों ने पिछले एक साल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है तथा विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीते हैं।

Image

भारतीय महिला मुक्केबाज राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार। फाइल फोटो

नई दिल्ली, (भाषा)। भारतीय महिला मुक्केबाजी टीम के मुख्य कोच सैंटियागो नीवा ने कहा कि उनकी प्रत्येक खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम है और उम्मीद जताई कि टीम पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेगी। भारतीय महिला मुक्केबाजों ने पिछले एक साल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है तथा विश्व कप, विश्व चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीते हैं।

नीवा ने पीटीआई से कहा, 'हमारे पास एक मजबूत टीम है और हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की उम्मीद के साथ उच्च मानक निर्धारित किए हैं।' उन्होंने कहा, ’’अगर हम इस साल ही नहीं पिछले साल के नतीजे को भी देखें तो हमारी प्रत्येक महिला मुक्केबाज ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक या रजत पदक जरूर जीता है। यही हमारा लक्ष्य है। हम जानते हैं कि उनमें से प्रत्येक स्वर्ण पदक जीतने में सक्षम है।’’

राष्ट्रमंडल खेलों में जीते तीन पदक

भारतीय महिला टीम ने बर्मिंघम में 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में तीन पदक जीते थे। निकहत ज़रीन और नीतू घंघास ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि जैस्मीन लैंबोरिया ने कांस्य पदक हासिल किया। अगले राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से ग्लासगो में शुरू होंगे। मुक्केबाजी के मुकाबले इसके एक दिन बाद 24 जुलाई से शुरू होंगे।

नीवा का मानना है कि इंग्लैंड, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया के मुक्केबाजों से मिल रही कड़ी चुनौती के बावजूद मौजूदा टीम पिछले प्रदर्शन में सुधार करने में सक्षम है। उन्होंने कहा, ’’हम जानते हैं कि चुनौती आसान नहीं होगी। विशेष कर इंग्लैंड, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया से कड़ी चुनौती मिलेगी। लेकिन मुझे लगता है कि हम पिछली बार जैसा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं या उससे भी बेहतर कर सकते हैं।’’

सुधार की उम्मीद

नीवा ने कहा, ’’खिलाड़ियों के पदक जीतने के साथ ही मैं उनके प्रदर्शन में सुधार भी देखना चाहता हूं। कभी-कभी पहले ही दौर में आपका सामना किसी मजबूत खिलाड़ी से हो जाता है और आप बाहर हो जाते हैं। इसलिए प्रदर्शन का समग्र विश्लेषण करना महत्वपूर्ण है। अगर हमारा प्रदर्शन अच्छा रहता है तो हमें पदक जरूर मिलेंगे।’’

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article