स्पोर्ट्स

हरियाणा सरकार ने खोला राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं के लिए खजाना, करोंड़ों के नकद पुरस्कार का किया ऐलान

नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों के लिए अपना खजाना खोलकर करोड़ों के पुरस्कार देने का ऐलान किया है। सात अगस्त को पंचकूला में आयोजित होगा सम्मान समारोह।

Image

राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों का स्वागत करते हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले प्रदेश के खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान करेगी। राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम का आयोजन सात अगस्त को पंचकूला के सेक्टर-तीन स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगा। गौतम ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है।

हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते सात स्वर्ण सहित 10 पदक

राज्य के 10 खिलाड़ियों ने कुल सात स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर हरियाणा और देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने बताया कि राज्य की खेल नीति के तहत पदक विजेताओं और प्रतिभागी खिलाड़ियों को कुल 13.47 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सातों स्वर्ण पदक विजेताओं को 1.50-1.50 करोड़ रुपये, दोनों रजत पदक विजेताओं को 75-75 लाख रुपये तथा कांस्य पदक विजेता को 50 लाख रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। हरियाणा की खेल नीति के मुताबिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दिए जाने का भी प्रावधान है। स्वर्ण पदक विजेताओं को ग्रुप ए, रजत पदक विजेताओं को ग्रुप बी और कांस्य पदक विजेता को ग्रुप सी की नौकरी दिए जाने का प्रावधान है।

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि

इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले 13 खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप 7.50-7.50 लाख रुपये देकर सम्मानित किया जाएगा। गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि मंगलवार को स्कॉटलैंड से लौटे हरियाणा के राष्ट्रमंडल खेल पदक विजेताओं का उन्होंने स्वयं दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्वागत किया जहां पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ खिलाड़ियों का भव्य नागरिक अभिनंदन हुआ था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article