स्पोर्ट्स

राष्ट्रमंडल खेल में भारत के शानदार प्रदर्शन पर खेल मंत्री ने कहा, मिलने लगे हैं एक दशक के प्रयास के नतीजे

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के मनपसंद खेल नहीं होने के बावजूद खिलाड़ियों के असाधारण प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पिछले एक दशक में सरकार के प्रयासों के नतीजे अब मिलने लगे हैं।

Image

राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेताओं से मुलाकात करते खेल मंत्री मनसुख मांडविया

Photo : ANI

नई दिल्ली: खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के मनपसंद खेल नहीं होने के बावजूद खिलाड़ियों के असाधारण प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पिछले एक दशक में सरकार के प्रयासों के नतीजे अब मिलने लगे हैं। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में बजट में कटौती के कारण सिर्फ 10 खेल शामिल किये गए थे जिसमें से भारत ने नौ खेलों में भाग लेकर 13 स्वर्ण समेत 39 पदक जीते।

खेल के क्षेत्र में एक दशक में हुई है शानदार प्रगति

खेलमंत्री मांडविया ने बुधवार को एनडीए संसदीय दल की बैठक में बैठक में पिछले एक दशक में खेलों के क्षेत्र में हुई प्रगति खासकर ओलंपिक, एशियाई खेल और ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के प्रदर्शन का ब्यौरा दिया। भारत ने ग्लास्गो में जिन खेलों में भाग लिया उनमें 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 30 और 2018 में गोल्ड कोस्ट में 22 पदक जीते थे। मांडविया ने कहा,'सरकार ने 2014 से खेलों के क्षेत्र में जितने प्रयास किये हैं, उनके नतीजे अब मिलने लगे हैं । भारत ने 1947 से 2012 तक कुल 21 ओलंपिक पदक जीते थे लेकिन पिछले तीन ओलंपिक में ही 15 पदक मिल चुके हैं । इसी तरह 2022 एशियाई खेलों में पहली बार 100 पदकों का आंकड़ा पार किया।’

सितंबर-अक्टूबर में एशियाई खेलों में भाग लेंगे भारतीय खिलाड़ी

भारतीय खिलाड़ी अब सितंबर अक्टूबर में जापान में एशियाई खेलों में भाग लेंगे । इसमें निशानेबाजी, कुश्ती, बैडमिंटन, क्रिकेट, हॉकी जैसी स्पर्धायें शामिल होंगी जिसमें भारत का दबदबा रहता है। खेलमंत्री ने इस प्रदर्शन का श्रेय पिछले एक दशक में खेलों में सरकार की पहल के जरिये खेलों का इकोसिस्टम तैयार करने को दिया जिसमें खेलो इंडिया योजना, फिट इंडिया मुहिम, टारगेट ओलंपिक पोडियम (टॉप्स) और अस्मिता लीग जैसी पहल शामिल हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article