स्पोर्ट्स

ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने जीता सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक राउंड शेष रहते ही अपना पहला सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट का खिताब जीता।

Image

आर प्रज्ञानानंदा

सेंट लुई (अमेरिका): भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक राउंड शेष रहते ही अपना पहला सेंट लुई रैपिड एवं ब्लिट्ज टूर्नामेंट का खिताब जीता। इस 20 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने कुल 23.5 अंक के साथ खिताब अपने नाम किया। उन्होंने अपने करीबी प्रतिद्वंदी तथा विश्व चैंपियनशिप के चक्र के दावेदारों में से एक उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को पर्याप्त अंतर से पीछे छोड़ा।

प्रज्ञानानंदा ने ग्रैंड शतरंज टूर के आखिरी रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट के अंतिम दिन एक भी मैच नहीं गंवाया। उन्होंने ग्रैंड शतरंज टूर्नामेंट (जीसीटी) में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है, जिससे इस साल के अंत में होने वाले ग्रैंड फाइनल में उनकी जगह लगभग पक्की हो गई है। इस भारतीय खिलाड़ी को अब क्लासिकल प्रणाली के तहत खेले जाने वाले सत्र के आखिरी टूर्नामेंट में भी अपनी यही फॉर्म बरकरार रखनी होगी जो 10 से 19 अगस्त तक क्लासिक प्रारूप में खेला जाएगा।

सिंदारोव के खिलाफ मामूली बढ़त के साथ रैपिड वर्ग में जीत हासिल करने के बाद प्रज्ञानानंदा ने ब्लिट्ज में केवल एक गेम हारा। उन्होंने इस वर्ग में संभावित 18 में से 11.5 अंक प्राप्त किए। सिंदारोव रैपिड वर्ग में प्रज्ञाननंदा से पूरे एक अंक से पीछे रहे। उन्हें 22 अंकों के साथ दूसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा जबकि अमेरिका के वेस्ली सो 20 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रज्ञानानंदा इस जीत से जीसीटी रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए। अब उन्हें रविवार से शुरू होने वाले क्लासिकल टूर्नामेंट में सतर्क रहना होगा और अगर वह शीर्ष तीन में जगह बना लेते हैं तो यह भारतीय खिलाड़ी के लिए एक और शानदार उपलब्धि होगी, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में मैग्नस कार्लसन को पीछे छोड़कर नॉर्वे क्लासिक जीता था।

प्रज्ञानानंदा ने जीत के बाद 'एक्स' पर लिखा,'मैं इस जीत से बहुत ज्यादा खुश हूं। यह मेरी पहली मेजर रैपिड एवं ब्लिट्ज जीत है, इसलिए मैं बहुत खुश हूं। मैं अपनी पूरी टीम और परिवार का शुक्रिया करना चाहता हूं जिन्होंने मेरा पूरा समर्थन किया। अब मैं सिंकेफील्ड कप में खेलूंगा जो तीन दिन में शुरू होगा। इसलिए आराम का ज्यादा समय नहीं है और यह जीसीटी फाइनल से पहले का टूर्नामेंट भी है। इसलिये यह सचमुच रोमांचक होगा।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article