स्पोर्ट्स

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में रचेगा इतिहास, पहली बार खेलते नजर आएंगे ये चार देश

FIFA World Cup 2026: 144 करोड़ की आबादी वाले भारत के लिए यह सवाल बार-बार उठता है कि हमारा देश कप फीफा वर्ल्ड कप में खेलेगा। भारत आज तक फीफा वर्ल्ड कप की मुख्य प्रतियोगिता में कभी नहीं खेला है। भारत को 1950 वर्ल्ड कप के लिए न्योता मिला था, लेकिन आर्थिक कारणों और खिलाड़ियों के नंगे पैर खेलने पर रोक के चलते भारतीय टीम खेल नहीं पाई थी।

Image

फीफा विश्व कप 2026 (फोटो- AI)

FIFA World Cup 2026 कई मायनों में काफी ऐतिहासिक होने वाला है। पहली बार फीफा वर्ल्ड कप की मेजबानी तीन देश अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में होने जा रहा है। वहीं इस बार का वर्ल्ड कप कुछ देशों के लिए बेहद ऐतिहासिक होने वाला है। इस टूर्नामेंट में पहली बार चार टीमें मुख्य प्रतियोगिता में खेलकर इतिहास रचेंगी। इसमें कैप वर्दे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान का नाम शामिल है। इन चार देशों ने मुख्य प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई करके अपने देश के फुटबॉल इतिहास का सबसे सुनहरा पन्ना लिख दिया है। इस बार वर्ल्ड कप में 32 की जगह 48 टीमें हिस्सा लेंती नजर आएंगी। फीफा वर्ल्ड कप में टीमों की संख्या बढ़ने से कई छोटे देशों को भी क्वालिफाई करने का मौका मिला है। कैप वर्दे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान देशों के लिए यह पहला वर्ल्ड कप होगा और लाखों फैंस के लिए किसी सपने से कम नहीं होगा।

चार नए देशों की एंट्री

कैप वर्दे अफ्रीकी महाद्वीप का छोटा सा द्वीपीय देश है, जो पहली बार वर्ल्ड कप खेलेगा। इसकी आबादी तकरीबन 5.9 लाख है। अटलांटिक महासागर में बसे इस देश ने CAF क्वालिफायर में शानदार प्रदर्शन किया था। वहीं मात्र डेढ़ लाख की आबादी वाले कैरेबियाई देश कुराकाओ ने CONCACAF क्वालिफिकेशन से वर्ल्ड कप का टिकट कटाया है। नीदरलैंड किंगडम का हिस्सा यह द्वीप फुटबॉल में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एशिया में स्थित देश जॉर्डन ने भी पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है। जॉर्डन की आबादी तकरीबन 1.14 करोड़ है। इस देश ने AFC क्वालिफायर के तीसरे राउंड में शानदार खेल दिखाकर इतिहास रचा। चौथे देश के रूप में मध्य एशिया की मजबूत टीम उज्बेकिस्तान का भी वर्ल्ड कप खेलने का सपना इस बार पूरा हो जाएगा। यह देश कई बार करीब पहुंचकर चूक जाता रहा है। आखिरकार उज्बेकिस्तान ने 2026 वर्ल्ड कप में जगह बना ली है। इसकी आबादी लगभग 3.7 करोड़ है।

भारत की क्या है स्थिति

जब 1.5 लाख से लेकर 1 करोड़ आबादी वाले देश वर्ल्ड कप खेल सकते हैं, तो 144 करोड़ की आबादी वाले भारत के लिए यह सवाल बार-बार उठता है कि हमारा देश कप फीफा वर्ल्ड कप में खेलेगा। भारत आज तक फीफा वर्ल्ड कप की मुख्य प्रतियोगिता में कभी नहीं खेला है। भारत को 1950 वर्ल्ड कप के लिए न्योता मिला था, लेकिन आर्थिक कारणों और खिलाड़ियों के नंगे पैर खेलने पर रोक के चलते भारतीय टीम खेल नहीं पाई थी। फिलहाल फीफा रैंकिंग में भारत टॉप-100 से बाहर है। वहीं AFC में भारतीय फुटबॉल टीम टॉप-15 में भी नहीं है। 2026 वर्ल्ड कप के लिए भारत का सफर AFC क्वालिफायर के दूसरे राउंड में ही खत्म हो गया था। अपने ग्रुप में भारत तीसरे नंबर पर रहा था और तीसरे राउंड में नहीं पहुंच सका था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article