स्पोर्ट्स

Portugal vs Croatia, FIFA World Cup 2026: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले से पहले फैन्स से की भावुक अपील

पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 के क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले से पहले फैन्स से भावुक अपील की है।

Image

क्रिस्टियानो रोनाल्डो

Photo : AP

टोरंटो: दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो 41 साल की उम्र में छठी बार फीफा विश्व कप में शिरकत कर रहे हैं। रोनाल्डो की कोशिश इस बार भी विश्व चैंपियन बनने के सपने को पूरा करने की है। इसके लिए वो कोई कोर कसर अपनी ओर से नहीं छोड़ रहे हैं। मौजूदा विश्व कप में बगैर किसी गोल के शुरुआत करने के बाद रोनाल्डो अपने रंग में नजर आ रहे हैं। पु्र्तगाल को वर्ल्ड चैंपियन बनाने की कोशिश में रोनाल्डो के फैन्स भी टीम का साथ दे रहे हैं। इसके लिए रोनाल्डो ने शुक्रवार को क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ 32 के मैच के आयोजन से पहले फैन्स का शुक्रिया अदा किया और उनसे क्रोएशिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान घर जैसा महसूस कराने की अपील की है।

डियोगो जोटा की पहली पुण्यतिथि पर होगा मुकाबला

स्टार खिलाड़ियों से सजी पुर्तगाल की टीम 40 वर्षीय लुका मोड्रिक की कप्तानी वाली मजबूत और हर मामले में बेहतरीन क्रोएशिया से प्री-क्वार्टर फाइनल में एंट्री के लिए भिड़ेगी। ग्रुप दौर में दो ड्रॉ मुकाबले खेलने के बाद पुर्तगाल और रोनाल्डो एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपनी धाक जमाने की कोशिश करेंगे। पुर्तगाल के खिलाड़ियों और फैन्स के लिए यह मुकाबला भावनात्मक रूप से भी अहम होगा क्योंकि यह टीम के दिवंगत स्ट्राइकर डियोगो जोटा की पहली पुण्यतिथि पर खेला जाएगा। जोटा की पिछले साल स्पेन में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।

फैन्स से की पुरजोर समर्थन की अपील

क्रोएशिया के खिलाफ मैच से पहले रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर हाथ मिलाने वाले इमोजी और पुर्तगाल के झंडे के साथ लिखा, "Facam-nos sentir em casa" जिसका मतलब है "हमें घर जैसा महसूस कराएं"। रोनाल्डो ने सीधे तौर पर फैन्स से टीम का पुरजोर समर्थन करने की अपील की है।

रोनाल्डो ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी

रोनाल्डो ने कोलंबिया के खिलाफ मुकाबले में फीफा विश्व कप के इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड साझा रूप से अपने नाम कर लिया। पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो का वह 25वां फीफा वर्ल्ड कप मैच था। उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में जर्मनी के महान खिलाड़ी लोथर मथाउस की बराबरी कर ली। रोनाल्डो से ज्यादा वर्ल्ड कप मैच सिर्फ अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने खेले हैं, जिनके नाम 29 मैच दर्ज हैं।

खराब शुरुआत के बाद रोनाल्डो ने की वापसी

उज़्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में रोनाल्डो ने दो गोल करके पुर्तगाल की जीत में अहम भूमिका अदा की, वहीं नूनो मेंडेस और राफेल लियाओ ने भी गोल किए। उज़्बेकिस्तान के गोलकीपर के 'ओन गोल' ने फैबियो कैनवारो की टीम की मुश्किलें और बढ़ा दीं, और रॉबर्टो मार्टिनेज की टीम ने शानदार अंदाज में टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की। दो गोलों ने रोनाल्डो को फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पुर्तगाल के लिए सबसे ज़्यादा गोल करने वाला खिलाड़ी बना दिया। उनके खाते में अब 10 गोल दर्ज हो गए हैं। रोनाल्डो छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए। क्रोएशिया और पुर्तगाल के बीच मुकाबला कनाडा के टोरंटो में खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 AM बजे शुरू होगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article