स्पोर्ट्स

केप वर्डे ने रचा इतिहास, बना फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश

FIFA World Cup 2026: ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में केप वर्डे ने सऊदी अरब को गोलरहित ड्रॉ पर रोककर वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ा उलटफेर कर दिखाया। इस नतीजे के साथ ही अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास बसे छोटे से देश ने अपने पहले ही प्रयास में नॉकआउट राउंड में पहुंचकर इतिहास रच दिया।

Image

केप वर्डे ने नॉकआउट में ली एंट्री (फोटो साभार- FIFA)

Cape Verde in FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार की रात केप वर्डे ने इतिहास रच दिया। ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में केप वर्डे ने सऊदी अरब को गोलरहित ड्रॉ पर रोककर वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे बड़ा उलटफेर कर दिखाया। इस नतीजे के साथ ही अफ्रीका के पश्चिमी तट के पास बसे छोटे से देश ने अपने पहले ही प्रयास में नॉकआउट राउंड में पहुंचकर इतिहास रच दिया। दूसरी तरफ स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से हरा दिया और दो बार की चैंपियन ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई है।

ग्रुप H से स्पेन और केप वर्डे ने लगाया नॉकआउट पंच

ग्रुप-H का समीकरण आखिरी दिन तक उलझा हुआ था। केप वर्डे ने अपने अभियान की शुरुआत पूर्व चैंपियन स्पेन को 0-0 पर रोककर की थी। दूसरे मैच में उन्होंने उरुग्वे के खिलाफ 2-2 का ड्रॉ खेलकर बता दिया कि उनकी टीम सिर्फ डिफेंड ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर जवाबी हमला भी कर सकती है। आखिरी मुकाबले से पहले हालात साफ थे कि केप वर्डे को नॉकआउट के लिए सिर्फ हार से बचना था।

सऊदी अरब के सामने डटा रहा केप वर्डे

ह्यूस्टन स्टेडियम में केप वर्डे की दीवार सऊदी अरब के हर हमले के सामने अडिग रही। 90 मिनट तक एक भी गोल नहीं हुआ। उधर ग्वाडलहारा में एलेक्स बाएना के 42वें मिनट के गोल से स्पेन ने उरुग्वे को 1-0 से हरा दिया। इस दोहरे नतीजे ने ग्रुप-H की तस्वीर पलट दी। स्पेन 7 अंकों के साथ टॉप पर रहा। केप वर्डे तीन मैचों में तीन ड्रॉ के साथ 3 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहा और अंतिम-32 में पहुंच गया। उरुग्वे 2 अंक के साथ तीसरे और सऊदी अरब इतने ही अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

राउंड ऑफ 32 में अर्जेंटीना से मुकाबला

56 साल के कोच बुबिस्ता की टीम ने आकार और आबादी दोनों लिहाज से सबसे छोटे देश के तौर पर वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहुंचने का रिकॉर्ड बना दिया है। वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने के आठ महीने के अंदर ही उन्होंने यह कमाल कर दिखाया। केप वर्डे की यह कामयाबी जज्बे और अनुशासित डिफेंस की मिसाल है। पूरे ग्रुप स्टेज में उन्होंने एक भी मैच नहीं हारा। वर्ल्ड कप डेब्यू कर रही केप वर्डे की टक्कर अब राउंड ऑफ 32 में 4 जुलाई को मियामी में मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना से होगी। लियोनेल मेसी की टीम के सामने केप वर्डे के लिए असली इम्तिहान होगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article