स्पोर्ट्स

FIFA ने वर्ल्ड कप हिस्सेदारी बिक्री योजना को लेकर UEFA पर लगाया ‘दुष्प्रचार' का आरोप

FIFA Allegations On UEFA: विवादों में घिरी फुटबॉल की वैश्विक संस्था फीफा ने विश्व कप और अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सेदारी बेचने की अपने अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो की नाकाम योजना को लेकर यूईएफए पर ’दुष्प्रचार अभियान’ चलाने का आरोप लगाया है।

Image

फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटीनो

Photo : AP

फीफा (अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ) ने विश्व कप और अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सेदारी बेचने की अपने अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो की नाकाम योजना को लेकर यूरोपीय फुटबॉल संघ (यूईएफए) पर ’दुष्प्रचार अभियान’ चलाने का आरोप लगाया है। फीफा ने बृहस्पतिवार को अमेरिका की अदालत में दाखिल दस्तावेज में यूईएफए की कार्रवाई को अपने नेतृत्व को बदनाम करने की कोशिश बताया।

यूईएफए ने पिछले सप्ताह अमेरिका की तीन अदालतों में इन्फेंटिनो की प्रस्तावित योजना से जुड़े सबूत और दस्तावेज हासिल करने के लिए आवेदन दायर किए थे। इसके जवाब में कोलोराडो की जिला अदालत में फीफा ने हस्तक्षेप की मांग करते हुए याचिका दाखिल की और कहा कि सबूत जुटाने की प्रक्रिया को स्थगित या समाप्त किया जाना चाहिए।

फीफा ने कहा, "ये आवेदन कानूनी दस्तावेज के रूप में पेश किए गए हैं लेकिन वास्तव में यूईएफए के फीफा और उसके नेतृत्व के खिलाफ दुष्प्रचार अभियान को आगे बढ़ाने वाले प्रेस विज्ञप्तियों से ज्यादा कुछ नहीं हैं।" इन्फेंटिनो की ’फीफा फॉरवर्ड एंटरप्राइज (एफएफई)’ योजना के तहत निजी इक्विटी कंपनियों को 4.2 अरब डॉलर में विश्व कप में हिस्सेदारी बेचने का प्रस्ताव था। इस योजना में जेरेड कुशनर के छोटे भाई जोश कुशनर की निवेश कंपनी थ्राइव कैपिटल भी शामिल थी। योजना सार्वजनिक होने के कुछ ही दिनों बाद एक अगस्त को फीफा ने भारी विरोध के बीच इसे वापस ले लिया।

यूईएफए ने न्यूयॉर्क की अदालत में जोश कुशनर और थ्राइव से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। इसके अलावा फ्लोरिडा और कोलोराडो में भी इस प्रस्ताव से जुड़े सबूत हासिल करने के लिए आवेदन किए गए हैं।

जोश कुशनर ने सोमवार को ’एक्सियोस’ से बातचीत में योजना का बचाव करते हुए कहा कि उन्हें वैश्विक फुटबॉल की राजनीतिक परिस्थितियों और संभावित विरोध का अंदाजा नहीं था।यूईएफए ने अदालत में यह भी कहा है कि वह संभावित वित्तीय कुप्रबंधन के आरोप में इन्फेंटिनो के खिलाफ स्विट्जरलैंड में आपराधिक शिकायत की तैयारी कर रहा है। यूईएफए के वकीलों ने आरोप लगाया कि यह योजना इन्फेंटिनो और उनके करीबी लोगों को फीफा की सबसे मूल्यवान संपत्तियों में स्थायी हिस्सेदारी हासिल करने और उनसे लाभ कमाने का जरिया थी।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article