स्पोर्ट्स

फीफा ने विश्व कप फुटबॉल के फाइनल की टिकट की कीमत बढ़ाई

फीफा ने 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट की 48 टीमों के तय हो जाने के बाद फाइनल के लिए टिकट की अधिकतम कीमत बढ़ाकर 10,990 अमेरिकी डॉलर कर दी है। बार्सिलोना ने एक बार फिर दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छह गोल दागकर अपने चिर प्रतिद्वंदी रियाल मैड्रिड को 6-0 से हराया और महिला चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में लगातार आठवीं बार सेमीफाइनल में जगह बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया।

Image

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के टिकट के दाम में बढ़ोतरी। फाइल फोटो

ज्यूरिख (एपी)। फीफा ने 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट की 48 टीमों के तय हो जाने के बाद फाइनल के लिए टिकट की अधिकतम कीमत बढ़ाकर 10,990 अमेरिकी डॉलर कर दी है। दिसंबर में टूर्नामेंट के ड्रॉ के बाद जब फीफा ने टिकट बेचे थे, तब श्रेणी एक के टिकट की कीमत 8,680 डॉलर थी।

न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले फाइनल मैच के लिए फीफा के श्रेणी दो के टिकटों की कीमत 7,380 डॉलर कर दी गई है, जो पहले 5,575 डॉलर थी। इसी तरह से श्रेणी तीन के टिकटों की कीमत 5,785 डॉलर कर दी गई है जो पहले की कीमत से 4,185 डॉलर अधिक है।

बुधवार रात तक ग्रुप चरण के 72 मैचों में से 17 मैचों के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध थे, जबकि नॉकआउट चरण के किसी भी मैच के टिकट बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं थे। फीफा फुटबॉल के इस सबसे बड़े टूर्नामेंट के लिए गतिशील मूल्य निर्धारण का उपयोग कर रहा है। यह टूर्नामेंट अमेरिका के 11 शहरों के अलावा मैक्सिको के तीन और कनाडा के दो शहरों में खेला जाएगा।

रियाल मैड्रिड को रौंदकर बार्सिलोना महिला चैंपियंस लीग के सेमीफाइनल में

बार्सिलोना ने एक बार फिर दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए छह गोल दागकर अपने चिर प्रतिद्वंदी रियाल मैड्रिड को 6-0 से हराया और महिला चैंपियंस लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में लगातार आठवीं बार सेमीफाइनल में जगह बनाकर नया रिकॉर्ड बनाया। बार्सिलोना ने क्वार्टर फाइनल का पहला चरण 6-2 से जीता था। इस तरह से उसने कुल मिलाकर 12-2 के बड़े अंतर से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

तीन बार की चैंपियन टीम बार्सिलोना की तरफ से दूसरे चरण में कैरोलिन ग्राहम हैनसेन ने दो गोल जबकि एलेक्सिया पुटेलस, इरेन पारेडेस, ईवा पजोर और एस्मी ब्रुग्ट्स ने एक-एक गोल किया। बार्सिलोना सेमीफाइनल में बायर्न म्यूनिख का सामना करेगा।

क्वार्टर फाइनल के एक अन्य मुकाबले में ओलंपिक लियोनेस ने को वोल्फ्सबर्ग को 4-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई जहां उसका मुकाबला मौजूदा चैंपियन आर्सेनल से होगा। वोल्फ्सबर्ग पहले चरण के बाद 1-0 से आगे था। इस तरह से लियोनेस ने कुल 4-1 से जीत दर्ज की।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article