स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2026: इक्वाडोर के विश्व कप से बाहर होने के बाद कोच सबेस्टियन बेकासेसे ने दिया इस्तीफा

इक्वाडोर के फीफा विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद सबेस्टियन बेकासेसे ने टीम के कोच का पद छोड़ दिया है। मैक्सिको के खिलाफ राउंड 32 के मुकाबले में हार के बाद उन्होंने इस्तीफे का ऐलान किया।

Image

इक्वाडोर फुटबॉल टीम के साथ हेड कोच सेबेस्टियन बेकासेसे

Photo : AP

मैक्सिको सिटी: इक्वाडोर के फीफा विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद सबेस्टियन बेकासेसे ने टीम के कोच का पद छोड़ दिया है। अर्जेंटीना के 45 साल के इस कोच ने मंगलवार रात मेजबान मैक्सिको के खिलाफ 0-2 की हार के बाद इसकी पुष्टि की। बेकासेसे ने कहा,'विश्व कप खत्म होने के साथ ही मेरा अनुबंध भी खत्म हो रहा है। अब हम जा रहे हैं। मेरा मानना है कि ड्रेसिंग रूम भाईचारे की भावना से भरा है। मैं इन खिलाड़ियों, योद्धाओं के इस समूह और इक्वाडोर की राष्ट्रीय टीम से प्यार, सम्मान, प्रतिबद्धता और सराहना लेकर जा रहा हूं।'

दूसरी बार फीफा विश्व कप के नॉकआउट में पहुंचा इक्वाडोर

बेकासेसे दो साल तक टीम के प्रभारी रहे। उन्होंने अपने पांचवें विश्व कप में खेल रहे इक्वाडोर को दूसरी बार नॉकआउट दौर में पहुंचाया। उनकी टीम ने ग्रुप चरण में चार बार की चैंपियन जर्मनी पर यादगार जीत दर्ज की। बेकासेसे ने कहा,'जब हमने यह सफर शुरू किया था तो अधिक उम्मीदें नहीं थीं, किसी को हमारे यहां तक पहुंचने की अधिक उम्मीद नहीं थी। लेकिन हमने यह कर दिखाया। हमने उम्मीदों से बेहतर प्रदर्शन किया। लेकिन हम उस कामयाबी को दोहरा नहीं सके।'

हमने बनाई है एक शानदार विरासत

मैक्सिको के जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के पहले हाफ में किए गए गोल ने इक्वाडोर को टूर्नामेंट से बाहर किया। बेकासेसे ने कहा,'हमने एक शानदार विरासत बनाई है और सम्मान, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ यह सफर तय किया है।'

ऐसा रहा इक्वाडोर का टूर्नामेंट में प्रदर्शन

इक्वाडोर का सफर फीफा विश्व कप 2026 में उतार चढ़ाव भरा रहा। अफ्रीकी टीम को शुरुआती मैच में अइवरी कोस्ट के खिलाफ 0-1 से हार मिली थी। वहीं कुरासाओ के खिलाफ गोल रहित ड्रॉ खेलने में सफल रही। अंत में इक्वाडोर ने पूर्व चैंपियन जर्मनी को 2-1 मात देकर वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा उलटफेर किया। हालांकि ग्रुप में वो तीसरे पायदान पर रहा लेकिन तीसरे पायदान वाला टीमों में आठवें स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ 32 में प्रवेश करने में सफल रही। लेकिन यहां पर मैक्सिको को खिलाफ 0-2 के अंतर से हार का साथ उसका सफऱ खत्म हो गया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article