गत चैम्पियन एरिना सबालेंका ने स्विटरलैंड की रेबेका मासारोवा से मिली कड़ी चुनौती का सामना करके 7-5, 6-1 से जीत के साथ अमेरिकी ओपन के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।
तीन बार की ग्रैंडस्लैम चैम्पियन और दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी सबालेंका इस साल पहले तीन ग्रैंडस्लैम में खिताब नहीं जीत सकी हैं। उन्होंने कहा, "मैं सत्र का समापन ग्रैंडस्लैम खिताब और नंबर वन रैंकिंग के साथ करना चाहती हूं।"अब उनका सामना पोलिना मुदेरमेतोवा से होगा जिन्हें फरवरी में दुबई में वह हरा चुकी हैं।
उधर, अमेरिकी ओपन 2021 जीतने वाली एम्मा राडुकानू ने 18 वर्ष की उम्र में एक क्वालीफायर के तौर पर खिताब जीतने के बाद यहां पहली जीत दर्ज करते हुए जापान की क्वालीफायर एना स्निबाहारा को 6-1, 6-2 से मात दी।
चार साल पहले खिताब जीतकर सभी को चौंका देने वाली राडुकानू 2022 में पहले दौर में हार गई जबकि 2023 में कलाई और टखने के आपरेशन के कारण खेल नहीं सकी। पिछले साल भी वह पहले दौर में हार गई थी।
