Junior Asia Cup Hockey: डिफेंडर अनमोल एक्का 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में होने वाले एएचएफ जूनियर एशिया कप में 18 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम का नेतृत्व करेंगे। हॉकी इंडिया ने टीम की घोषणा कर दी है। टीम को नया जोश देने के लिए नवनियुक्त कोच फ्रेडरिक सोयेज़ बेंगलुरु में SAI सेंटर में कड़ी ट्रेनिंग करवा रहे हैं। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट से पहले तैयारी के तौर पर हाल ही में बेल्जियम का दौरा भी किया था। वहां मिली अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर को कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों के आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया।
भारतीय कोच ने बढ़ाया खिलाड़ियों का मनोबल
कोच फ्रेडरिक सोयेज़ ने टीम को "बेहद संतुलित" बताया। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ महीनों में खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है। चयन लगातार अच्छे प्रदर्शन, पॉजिटिव रवैये और दबाव में रणनीति पर अमल करने की काबिलियत के आधार पर हुआ है।" सोयेज़ ने आगे कहा, "एशिया कप में कड़ी चुनौती मिलेगी। हमारा फोकस अनुशासित और आक्रामक हॉकी खेलने पर होगा। हम अपनी प्लानिंग को मैदान पर बखूबी लागू करने की कोशिश करेंगे।"
भारतीय टीम बेहद संतुलित
टीम में अनुभव और युवा जोश का अच्छा मिश्रण है। गोलपोस्ट की जिम्मेदारी विवेक लाकड़ा और कुणाल तेवतिया पर होगी। डिफेंस की अगुवाई कप्तान अनमोल एक्का करेंगे। उनके साथ रोहित कुल्लू, चिराग, रविंदर, आशु मौर्य, संजीत टिर्की और सुखविंदर भी डिफेंस लाइन में होंगे। मिडफील्ड में अड्रोहित एक्का, हरपाल, जीतपाल और मनमीत सिंह राय टीम की रीढ़ बनेंगे। वहीं फॉरवर्ड लाइन में अजीत यादव, प्रभदीप सिंह, गुरसेवक सिंह, आर्यन जेस और लोवेनूर सिंह गोल दागने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- Hockey World Cup 2026: 30 साल बाद नहीं दिखेगा कोई भारतीय अंपायर, दिग्गजों ने जताई नाराजगी
भारतीय टीम के साथ दो वैकल्पिक खिलाड़ी भी
हॉकी इंडिया ने अर्जुन संतोष हरगुडे और रितिक लाकड़ा को दो वैकल्पिक खिलाड़ियों के रूप में भी नामित किया है। जरूरत पड़ने पर ये दोनों टीम का हिस्सा बन सकते हैं। भारत जूनियर एशिया कप में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगा। टीम का लक्ष्य खिताब जीतकर जूनियर विश्व कप के लिए भी मजबूत दावा पेश करना है। बेल्जियम दौरे से मिले अनुभव और बेंगलुरु कैंप की मेहनत के दम पर कोच और खिलाड़ियों को उम्मीद है कि मोकी में तिरंगा सबसे ऊंचा लहराएगा। अब सबकी नजरें 30 अगस्त से शुरू हो रहे इस महामुकाबले पर हैं, जहां अनमोल एक्का की युवा ब्रिगेड एशिया की अन्य दिग्गज टीमों को चुनौती देगी।
