D Gukesh bows out of Freestyle Chess Grandslam: विश्व चैंपियन द गुकेश का फ्रीस्टाइल ग्रैंड स्लैम शतरंज टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। सोमवार को हुए क्वार्टरफाइनल के दूसरे मैच में गुकेश ने अमेरिका के फैबियानो कारुआना के खिलाफ हार का सामना किया। पहले गेम में व्हाइट पीस के साथ हारने के बाद, गुकेश को दूसरे गेम में जीत की जरूरत थी, लेकिन कारुआना ने महज 18 चालों में ही मैच अपने नाम कर लिया।
फ्रीस्टाइल शतरंज 960 रैंडम पोजीशन पर आधारित होता है, जिसमें प्यादों को छोड़कर बाकी मोहरों की शुरुआती स्थिति बदल दी जाती है। इस फॉर्मेट को पहली बार महान शतरंज खिलाड़ी बॉबी फिशर ने प्रस्तावित किया था। अब यह फॉर्मेट शतरंज के भविष्य के रूप में उभर रहा है।
गुकेश की गलती का कारुआना ने उठाया फायदा
गुकेश ने शुरुआती चालों में ही एक प्यादा गंवा दिया, जिसके बाद कारुआना ने मौके का फायदा उठाया। कारुआना, जो इस वैरिएंट में काफी अनुभवी हैं, ने केवल 15 चालों में ही सामान्य शतरंज की स्थिति में पहुंचकर अपनी बढ़त बना ली। गुकेश ने हारी हुई स्थिति में कारुआना को चुनौती नहीं दी और हाथ मिलाकर मैच समाप्त कर दिया।अब गुकेश सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए संघर्ष करेंगे। यह टूर्नामेंट शतरंज प्रेमियों के लिए काफी रोमांचक साबित हो रहा है, क्योंकि इसमें नए फॉर्मेट और रणनीतियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले डी गुकेश को 19 वर्षीय आर प्रज्ञानंद के हाथों भी टाटा स्टील चेस में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद ये उनकी लगातार दूसरी बड़ी हार है।
