लंदन: इटली के 24 वर्षीय टेनिस खिलाड़ी यानिक सिनर ने जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव को पटखनी देकर लगातार दूसरी बार विंबलडन के पुरुष एकल खिताब पर कब्जा कर लिया है। सिनर ने तकरीबन चार घंटे फाइनल मुकाबले में ज्वेरेव को 6-7, 7-6, 6-3, 6-4 के अंतर से मात देकर खिताब पर कब्जा किया। यानिक ने पहले सेट में हार का सामना करने के बाद शानदार वापसी की और लगातार तीन सेट जीतकर खिताब बचाने में सफल रहे। पिछले साल भी सिनर ने पहली बार विंबलडन का पुरुष एकल खिताब जीता था। सेमीफाइनल में 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता नोवाक जोकोविच को पटखनी देकर फाइनल में पहुंचे सिनर ने अपने शानदार फॉर्म को जारी रखा। ज्वेरेव फ्रेंच ओपन 2026 का खिताब जीतने के बाद विंबलडन फाइनल में पहुंचे थे लेकिन वो लगातार दूसरा खिताब जीतने में नाकाम रहे। ज्वेरेव के खिलाफ यह सिनर की लगातार दसवीं जीत है।
जीता करियर का पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब
ये सिनर के करियर का पांचवां ग्रैंड स्लेम खिताब है। सिनर दो बार ऑस्ट्रेलियन ओपन (2024, 2025), एक बार यूएस ओपन(2024) और दो बार विंबलडन (2025, 2026) सहित कुल पांच गैंडस्लैम खिताब अपने नाम कर चुके हैं। फ्रेंच ओपन के फाइनल में उन्हें साल 2025 में कार्लोस अल्कराज के खिलाफ पांच सेट तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने की राह में केवल इसी खिताब की कमी रह गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विम्बलडन फाइनल में परिवार के साथ पहुंचे प्रिंस विलियम, रॉयल बॉक्स में कई दिग्गज हस्तियां रहीं मौजूद
सिनर को ईनाम में मिले 45.75 करोड़ रुपये
सिनर को खिताबी जीत के बाद चमचमाती ट्रॉफी के साथ 45.75 करोड़ रुपये(4.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर) बतौर पुरस्कार मिले। वहीं ज्वेरेव के खाते में खिताब गंवाने के बावजूद 22.87 करोड़ रुपये आए। विंबलडन के आयोजकों ने इस साल पुरस्कार राशि में बढ़ोत्तरी का ऐलान किया था। फ्रेंच ओपन के दौरान खिलाड़ियों ने ईनामी राशि को बढ़ाए जाने की बात कही थी। ऐसे में ईनामी राशि में वृद्धि की गई।ओपन इरा में खिताब बचाने वाले पांचवें खिलाड़ी
सिनर का नाम विंबलडन खिताब लगातार दो बार जीतने वाले खिलाड़ियों के क्लब में दर्ज हो गया है। ओपन इरा में लगातार दो बार विंबलडन का खिताब बचाने वाले यानिक सिनर पांचवें खिलाड़ी बन गए हैं। सबसे पहले ये उपलब्धि अमेरिका के पेट सेंप्रास ने हासिल की थी। उन्होंने 1993 से 1995 तक लगातार तीन बार खिताब अपने नाम किया। इसके बाद वो 1997 से 1999 तक लगातार तीन बार फिर चैंपियन बने। इससे बाद रोजर फेडरर ने साल 2003 से 2007 तक लगातार पांच बार विंबलडन का पुरुष एकल खिताब जीता। इस सूची में तीसरा नाम नोवाक जोकोविच का है। जोकोविच साल 2018 और 2019 में लगातार दो बार विंबलडन चैंपियन बने। इसके बाद उन्होंने साल 2021 और 2022 में कारनामे को दोहराया और ऐसा करने वाली तीसरे खिलाड़ी बने। इस सूची में चौथा नाम स्पेन के कार्लोस अल्कराज हैं। वो साल 2023 और 2024 में चैंपियन बने थे। अब इस स्पेशल क्लब में यानिक सिनर का नाम 2025 और 2026 की खिताबी जीत के साथ दर्ज हो गया है।
