स्पोर्ट्स

भारत आईं क्रिस्टियानो रोनाल्डो की बहन एल्मा अवेइरो, केरलम के सीएम सतीशन से की मुलाकात

स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की बहन एल्मा अवेइरो ने बुधवार को केरलम की यात्रा के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन से मुलाकात की। मुख्यमंत्री सतीशन ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने केरलम के फुटबॉल फैंस की ओर से रोनाल्डो के लिए शुभकामनाएं भेजी हैं। जिसे अवेइरो ने रोनाल्डो तक तक पहुंचाने का वादा किया है।

Image

रोनाल्डो की बहन ने केरलम के मुख्यमंत्री से की मुलाकात। फोटो- ANI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की बहन एल्मा अवेइरो ने बुधवार को केरलम की यात्रा के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन से मुलाकात की। राज्य के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार यह मुलाकात मंगलवार को कोझिकोड में हुई।

मुख्यमंत्री सतीशन ने ’एक्स’ पर इस संक्षिप्त मुलाकात का एक वीडियो भी शेयर किया। उन्होंने लिखा, 'केरलम की अपनी यात्रा के दौरान क्रिस्टयानो रोनाल्डो की बहन एल्मा अवेइरो के साथ बातचीत हुई। मैंने उन्हें बताया कि मलयालियों के दिल में फुटबॉल और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लिए कितना अपार जुनून और प्यार है।’

अवेइरो ने किया वादा

उन्होंने कहा कि अवेइरो ने केरलम के फुटबॉल फैंस की ओर से रोनाल्डो के लिए भेजी गई शुभकामनाएं और स्नेह उन तक पहुंचाने का वादा किया है। वीडियो में अवेइरो उनके साथ एक तस्वीर लेने के लिए कहती हुई दिखाई दे रही हैं। गौरतलब हो कि केरल में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की बड़ी फैन फॉलोइंग है। अक्सर फैंस उनकी फोटो या उनके नाम की जर्सी पहने हुए दिख जाते हैं।

1000 गोल करने के करीब रोनाल्डो

क्रिस्टियानों रोनाल्डो अपने फुटबॉल करियर में फिलहाल 978 गोल कर चुके हैं। वह 1,000 गोल के आंकड़े के करीब पहुंच गए हैं। पिछले शुक्रवार को अल-तावौन पर अल-नस्र की 2-1 की जीत में उन्होंने गोल दागा। अगर रोनाल्डो 1000 गोल करने में सफल होते ते हो तो यह एक ऐसी उपलब्धि होगी, जिसे तोड़ पाना शायद ही किसी फुटबॉल के लिए संभव होगा।

वहीं दूसरी ओर, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय करियर से संन्यास ले लिया है। रोनाल्डो ने 2026 फीफा विश्व कप में पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व किया। स्पेन से 1-0 से मिली हार के बाद पुर्तगाल का अभियान राउंड ऑफ 16 में समाप्त हो गया था। इसके बाद रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article