क्रिकेट

Duleep Trophy: तिलक वर्मा के अर्धशतक से साउथ जोन दलीप ट्रॉफी के फाइनल में, ईशान किशन की ईस्ट जोन से होगी भिड़ंत

साउथ जोन ने दलीप ट्रॉफी के दूसर सेमीफाइनल मैच में नॉर्थ जोन को 7 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। अब चेन्नई में होने वाले फाइनल मुकाबले में साउथ जोन का सामना ईस्ट जोन से होगा। मैच में साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया।

Image

साउथ जोन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में बनाई जगह। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कप्तान तिलक वर्मा के नाबाद अर्धशतक से साउथ जोन ने दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के चौथे और अंतिम दिन बुधवार को यहां नॉर्थ जोन पर सात विकेट की जीत के साथ फाइनल में जगह बनाई। नॉर्थ जोन के 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ जोन ने तिलक (नाबाद 51) और रविचंद्रन स्मरण (नाबाद 32) ने बीच चौथे विकेट के लिए 80 रन की अटूट साझेदारी से जीत हासिल की। साउथ जोन ने दूसरे सत्र के आखिर में तीन विकेट पर 182 रन बनाकर जीत दर्ज की। अब छह सितंबर से चेन्नई में होने वाले खिताबी मुकाबले में उसका सामना ईस्ट जोन से होगा।

पहली पारी में नाबाद 116 रन बनाकर साउथ जोन को 117 रन की महत्वपूर्ण बढ़त दिलाने वाले तिलक उस समय क्रीज पर आए, जब उनकी टीम 102 रन पर तीन विकेट गंवा चुकी थी। भारत की अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए उप-कप्तान बनाए गए बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक ने एक बार फिर शानदार संयम और तकनीक का परिचय देते हुए तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक की अगुआई वाले नॉर्थ जोन के गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना किया।

बरार ने ली तिलक की परीक्षा

बरार ने लगातार तेज और शरीर को निशाना बनाती गेंदों से तिलक की परीक्षा ली जबकि, मुश्ताक ने पिच से मिल रहे असमान उछाल का फायदा उठाकर उनके फुटवर्क को चुनौती दी। तिलक ने इन चुनौतियों का शानदार अंदाज में सामना किया और ऑफ साइड में कुछ बेहतरीन ड्राइव लगाए। लय हासिल करने के बाद उन्होंने मुश्ताक के खिलाफ रिवर्स स्वीप और पैडल स्वीप खेलकर साउथ जोन को लक्ष्य के और करीब पहुंचाया। दूसरे छोर पर स्मरण ने उनका बखूबी साथ निभाया। उन्होंने तेजी से स्ट्राइक रोटेट की और मौका मिलने पर खुलकर शॉट लगाए। निशांत सिंधू की गेंद पर बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज का करारा ऑफ ड्राइव दर्शनीय था।

तिलक ने दिलाई टीम को जीत

तिलक और स्मरण की आत्मविश्वास से भरी पारियों की बदौलत साउथ जोन ने नारायण जगदीशन (43), रिकी भुई (42) और शैक रशीद के जल्दी आउट होने के बावजूद लक्ष्य हासिल कर लिया। जगदीशन और भुई ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी की थी। मैच के चारों दिन बल्लेबाजी करने वाले तिलक ने आखिरकार कामचलाऊ लेग स्पिनर कमरान इकबाल की गेंद को कवर के ऊपर से चौके के लिए भेजकर साउथ जोन की जीत पर मुहर लगाई।

नॉर्थ जोन की खराब फील्डिंग

इससे पहले नॉर्थ जोन ने दिन की शुरुआत दूसरी पारी में सात विकेट पर 256 रन से की थी। इस समय उसे 139 रन की बढ़त हासिल थी। अंशुल कंबोज ने 29 गेंद में 36 रन की आक्रामक पारी खेलकर टीम की बढ़त को 180 रन के पार पहुंचाने में मदद की। पिच के टूटने और गेंद के असमान उछाल के कारण साउथ जोन के लिए लक्ष्य का पीछा करना मुश्किल नजर आ रहा था लेकिन नॉर्थ जोन के लचर क्षेत्ररक्षण ने भी दक्षिण को मुश्किल स्थिति से निकलने में बड़ी मदद की। अंत में तिलक और स्मरण ने जिम्मेदारी संभाली और साउथ जोन को जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचाया।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article