क्रिकेट

ZIM vs AFG Day 3 Highlights: रहमत और हशमतुल्लाह की बैटिंग के दम पर अफगानिस्तान का जिम्बाब्वे को करारा जवाब

ZIM vs AFG Day 3 Highlights: रहमत शाह और हशमतुल्लाह शाहिदी की दमदार बल्लेबाजी के दम पर अफगानिस्तान ने तीसरे दिन जिम्बाब्वे को करारा जवाब दिया है। जिम्बाब्वे की टीम तीसरे दिन एक भी विकेट नहीं ले पाई।

Image

जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान टेस्ट (साभार-X)

ZIM vs AFG Day 3 Highlights: रहमत शाह और हशमतुल्लाह शाहिदी ने जिंबॉब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन शनिवार को यहां एक भी विकेट नहीं गिरने दिया जिससे अफगानिस्तान दो विकेट पर 425 रन बनाने में सफल रहा। रहमत 231 रन बनाकर खेल रहे हैं जो अफगानिस्तान की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड रखने वाले शाहिदी 141 रन पर खेल रहे हैं और अपने दूसरे दोहरे शतक की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं।

इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अभी तक 361 रन जोड़ लिए हैं जो अफगानिस्तान की तरफ से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। रहमत दोहरा शतक पूरा करने वाले अफगानिस्तान के केवल दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने अब तक 416 गेंद का सामना करके 23 चौके और तीन छक्के लगाए हैं। शाहिदी की 276 गेंद की पारी में 16 चौके शामिल हैं।

अफगानिस्तान अब जिंबॉब्वे से 161 रन पीछे है जिसने अपनी पहली पारी में 586 रन बनाए थे। यह टेस्ट क्रिकेट में 26वां अवसर है जबकि किसी मैच में पूरे दिन एक भी विकेट नहीं गिरा। पिछली बार ऐसा 2019 में इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मैच में हुआ था। जिंबॉब्वे में पहली बार ऐसा हुआ है। चौथे दिन अफगानिस्तान की कोशिश पहले 161 रन की लीड को खत्म करना होगा। इसके बाद तेजी से बल्लेबाजी कर वह जिम्बाब्वे पर दबाव बनाना चाहेगी। फिलहाल यह मुकाबला ड्रॉ की ओर बढ़ता हुआ नजर आ रहा है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article