ODI World Cup Qualifier, ZIM vs USA: भारत की मेजबानी अक्टूबर-नवंबर में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है। इसमें कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। 8 टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है, जबकि बचे दो जगहों के लिए मुकाबला खेला जा रहा है। सोमवार को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर के 17वें मुकाबले में उलटफेर करने वाली टीम जिम्बाब्वे का सामना यूएसए से हुआ। इस मुकाबले में जिम्बाब्वे टीम के खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी कर इतिहास रच दिया। टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 408 रन बनाए, जबकि जवाब में खेलने उतरी यूएसए की टीम 25.1 ओवर में 104 रन पर ढेर हो गई। टीम ने 304 रन से जीत हासिल की।
जिम्बाब्वे ने पहली बार बनाया 400 से ज्यादा रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम ने 50 ओवर में 8.16 की स्ट्राइक रेट से 408 रन बनाए। टीम ने वनडे में पहली बार 400 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। इसके साथ ही 400+ का स्कोर बनाने के मामले में जिम्बाब्वे सातवीं टीम बन गई। दक्षिण अफ्रीका और भारत की टीम टॉप पर है। दोनों टीमों ने यह कारनामा 6-6 बार कर चुकी हैं। इसके अलावा इंग्लैंड 5 बार, श्रीलंका-ऑस्ट्रेलिया 2-2 बार और न्यूजीलैंड 1 बार ऐसा कर चुकी है।
जिम्बाब्वे की वनडे में पांच बड़ी पारियां
जिम्बाब्वे की टीम मुकाबले को पलटना अच्छे से जानती है। यह पहला मौका नहीं है कि जिम्बाब्वे ने सबको अपनी शानदार पारी से चौकाया है। इससे पहले भी ऐसा कर चुके हैं। यूएसए से पहले जिम्बाब्वे ने वनडे में 2009 में केन्या के खिलाफ 351/7 की पारी खेली थी। यह अभी तक का हाईएस्ट स्कोर था। इसके बाद 2003 में नामिबिया के खिलाफ 340/2, 2006 में बरमूडा के खिलाफ 338/7 रन और 2015 में पाकिस्तान के खिलाफ 334/5 रन की विशाल पारी खेली थी।
सीन विलियम्स ने खेली कप्तानी पारी
जिम्बाब्वे टीम के कप्तान सीन विलियम्स ने यूएसए के खिलाफ कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 172.77 की स्ट्राइक रेट से 101 गेंदों पर 21 चौके और 5 छक्के की मदद से सबसे ज्यादा 174 रन बनाए। यह उनका क्वालीफायर के चार मैचों में दूसरा शतक है। इससे पहले नेपाल के खिलाफ 102 रन की नाबाद पारी खेली थी, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ शतक से चूक गए थे। वे 91 रन पर आउट हो गए थे।
