स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने लंका प्रीमियर लीग में एक टीम खरीद ली है। वह जाफना किंग्स के सह-मालिक बन गए हैं। स्टॉकहोम स्थित ग्लोबल स्पोर्ट्स ओनरशिप ग्रुप 'एंकर स्पोर्ट्स AB' ने 'किंग्स' का अधिग्रहण पूरा कर लिया है और टीम का आधिकारिक तौर पर नाम बदलकर 'एंकर जाफना किंग्स' कर दिया है।
जहीर, एंकर स्पोर्ट्स के मालिक नागेंद्र सिद्दुतम के साथ को-ओनर (सह-मालिक) के तौर पर जुड़ गए हैं। यह ग्रुप ग्लोबल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है। किंग्स अभी आठ मैचों में 11 पॉइंट के साथ टेबल में सबसे ऊपर है।
नई ओनरशिप का किया गया स्वागत
नई ओनरशिप का स्वागत करते हुए, इनोवेटिव प्रोडक्शन ग्रुप (IPG) के फाउंडर और CEO अनिल मोहन सांखधर ने कहा, हम एंकर स्पोर्ट्स का LPL परिवार में स्वागत करते हैं, क्योंकि वे मशहूर जाफना फ्रेंचाइजी की कमान संभाल रहे हैं। हमें भरोसा है कि एंकर स्पोर्ट्स इस शानदार विरासत को आगे बढ़ाएगा और फ्रेंचाइजी में नई सोच और ऊर्जा लाएगा।'
मनजोत कालरा जेल में
श्रीलंका क्रिकेट ने किंग्स के मालिक, स्पोर्ट्स कम्यून के साथ फ्रेंचाइजी एग्रीमेंट खत्म कर दिया था। ओनरशिप में यह बदलाव तब करना पड़ा जब टीम के को-ओनर में से एक, भारत के पूर्व U19 क्रिकेटर मनजोत कालरा को पिछले हफ्ते श्रीलंका स्पोर्ट्स इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया।
जहीर खान ने जताई खुशी
किंग्स के नए को-ओनर जहीर खान ने कहा, 'मैंने हमेशा श्रीलंका से निकलने वाले बॉलिंग टैलेंट की काबिलियत, इनोवेशन और विविधता की तारीफ की है। यह एक ऐसा देश है जहां मैं गया हूं, खेला हूं और मेरी यहां से बहुत अच्छी यादें जुड़ी हैं। अब एक ओनर के तौर पर श्रीलंकाई क्रिकेट का हिस्सा बनने को लेकर मैं सच में बहुत उत्साहित हूं और एंकर जाफना किंग्स के साथ काम शुरू करने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।'
