Womens ODI World Cup 2027: वनडे विश्व कप 2025 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और भारतीय महिला क्रिकेट टीम खिताब के सूखे को खत्म करने के इरादे से तैयारियों में जुटी है। इस बीच, भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह और महिला टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने खिलाड़ियों को मानसिक मजबूती और सही दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी है।
"परिस्थिति के अनुसार खेलें, उम्मीदों के अनुसार नहीं" – युवराज सिंह
भारत को 2011 वनडे वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले युवराज सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को केवल ट्रॉफी जीतने के बारे में सोचने के बजाय हर पल खेल का आनंद लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि "परिस्थिति के अनुसार खेलें, उम्मीदों के अनुसार नहीं। यह इतिहास रचने का शानदार मौका है, लेकिन शुरुआत से ही जीत के बारे में सोचने के बजाय पूरी प्रक्रिया पर ध्यान दें। मेहनत का परिणाम जरूर मिलेगा।"युवराज के अनुसार, किसी भी बड़े टूर्नामेंट में दबाव स्वाभाविक है, लेकिन उससे निपटने के लिए अनुभव और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि "आप यह नहीं सोच सकते कि हरमन, स्मृति या जेमिमा आपको हर बार मैच जिताएंगी। हर खिलाड़ी को यह विश्वास होना चाहिए कि वह अपने दम पर मैच खत्म कर सकता है।"
दबाव को अवसर में बदलना होगा – मिताली राज
महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने भी खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दर्शकों का समर्थन टीम के लिए ऊर्जा का काम करेगा, लेकिन उम्मीदों के बोझ तले दबना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि "विश्व कप-2017 में भारत के उपविजेता रहने के बाद महिला क्रिकेट का परिदृश्य बदल गया। उस समय सोशल मीडिया अपेक्षाकृत नया था, और आईसीसी ने बड़े पैमाने पर प्रचार में भूमिका निभाई।"मिताली का मानना है कि 2017 के बाद महिला क्रिकेट को नई पहचान मिली और अब खिलाड़ियों के पास उस सफर को मुकाम तक पहुंचाने का सुनहरा मौका है।
30 सितंबर से होगा खिताबी जंग का आगाज़
वनडे विश्व कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से होगी और भारतीय टीम घरेलू सरजमीं पर खिताब जीतने के प्रबल दावेदारों में से एक मानी जा रही है। टीम के पास अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं का भी अच्छा संतुलन है।
(IANS)
