क्रिकेट

योगराज सिंह ने टीम इंडिया को बताया लॉर्ड्स टेस्ट जीतने का तरीका

योगराज सिंह ने इंग्लैंड में टेस्ट जीतने के लिए टीम इंडिया को एक खास सलाह दी है। उनकी यह सलाह तब आई जब लॉर्ड्स में टीम इंडिया की फील्डिंग औसत रही और खिलाड़ियों ने कई कैच छोड़े। उन्होंने गिल को भी खास सलाह दी।

Image

योगराज सिंह और टीम इंडिया (साभार-BCCI/IANS)

लीड्स टेस्ट में टीम इंडिया को खराब फील्डिंग का खामियाजा भुगतना पड़ा था। एजबेस्टन में टीम ने इसमें सुधार किया और रिवॉर्ड के तौर पर 58 साल का इंतजार खत्म हुआ अब लॉर्ड्स टेस्ट में अगर टीम इंडिया को जीत दर्ज करनी है तो फील्डिंग को दुरुस्त रखना होगा। पूर्व भारतीय क्रिकेटर योगराज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अगर भारतीय टीम फील्डिंग में सुधार नहीं करती है तो जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। लॉर्ड्स में चल रहे भारत-इंग्लैंड टेस्ट में भारतीय टीम की फिल्डिंग एक बार फिर से निराशाजनक रही है। कई कैच छूटे हैं। इस पर आईएएनएस से बात करते हुए योगराज सिंह ने कहा, "मैं बहुत बार कह चुका हूं कि कैच मत छोड़ो। हमने इस पारी में 5-6 कैच छोड़े हैं। कम से कम, वो कैच नहीं छूटना चाहिए, जो हाथ में आ रहा हो। अगर टीम ने सभी कैच पकड़े होते, तो इंग्लैंड 300 के अंदर सिमट गई होती।"

उन्होंने कहा कि हमें अपनी फील्डिंग सुधारनी पड़ेगी। इसके बिना हम नहीं जीत सकते। फील्डर्स को प्रतिदिन 100-100 कैच पकड़ने का अभ्यास करना चाहिए। भारतीय टीम में जब युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ आए, उस समय फील्डिंग के स्तर में बड़ा सुधार हुआ। ये ऐसे कैच पकड़ते थे, जिनके पकड़े जाने की संभावना नहीं होती थी। वहीं, दो की जगह एक और तीन रन की जगह रन आउट किया करते थे। इनके जैसी फील्डिंग मौजूदा टीम को करनी होगी।

गिल को दी खास नसीहत

योगराज सिंह ने कहा कि जहां तक बल्लेबाजी का सवाल है, तो शुभमन गिल को यह भूल जाना चाहिए कि पिछले मैच में क्या किया। वह हर पारी को अपनी पहली पारी समझेगा तो हमेशा रन बनेंगे। हमारे शुरुआती 5-6 बल्लेबाज अच्छा कर रहे हैं। निचला क्रम कमजोर है। मुझे लगता है कि बुमराह और सिराज के साथ अन्य गेंदबाजों को नेट्स में 1-1 घंटे बल्लेबाजी का अभ्यास करवाना जरूरी है। अगर जब कभी टॉप ऑर्डर फ्लॉप होगा, तो ये काम आ सकते हैं। इससे 11 नंबर तक हमारी बल्लेबाजी मजबूत होगी। क्रिकेट ऐसी गेम है कि कई बार एक विकेट 300 रन की साझेदारी कर मैच बदल देता है।

एक पुराने मैच को याद करते हुए पूर्व क्रिकेटर ने कहा, "मुझे याद है कि वेस्टइंडीज का मैच चल रहा था। एक तरफ से विवियन रिचर्ड्स बल्लेबाजी कर रहे थे। वेस्टइंडीज के 9 विकेट 109 रन पर गिर चुके थे। रिचर्ड्स ने आखिरी नंबर पर आए माइकल होल्डिंग को सिर्फ विकेट पर रुकने को कहा। आखिरी विकेट के लिए दोनों ने लगभग 125 रन की साझेदारी की। रिचर्ड्स ने उस मैच में 189 रन की पारी खेली थी। वह उस समय का वनडे का सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर था। वह मैच वेस्टइंडीज जीती थी। इसलिए निचले क्रम के खिलाड़ियों के पास बल्लेबाजी का आत्मविश्वास होना चाहिए।"

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article