बिजनेस

विदेश घूमकर लौटे हैं और Forex Card में बच गए पैसे? जानें भारतीय बैंक खाते में वापस लाने का तरीका

विदेश यात्रा से लौटने के बाद अगर आपके Forex Card में डॉलर, यूरो या किसी दूसरी विदेशी करेंसी के पैसे बचे हैं, तो उन्हें बेकार छोड़ने की जरूरत नहीं है। आप कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर बची रकम भारतीय बैंक खाते में वापस पा सकते हैं।

Image

विदेश घूमकर लौटे हैं और Forex Card में बच गए पैसे?

विदेश घूमने या काम के सिलसिले में जाने वाले कई लोग खर्च के लिए Forex Card का इस्तेमाल करते हैं। इस कार्ड में पहले से विदेशी करेंसी लोड कराई जाती है, जिससे विदेश में होटल, खाना, खरीदारी और दूसरी जरूरतों का भुगतान किया जा सकता है। लेकिन कई बार यात्रा खत्म होने के बाद कार्ड में कुछ पैसे बच जाते हैं। ऐसे में लोगों के मन में सवाल आता है कि इन पैसों का क्या किया जाए और क्या इन्हें भारतीय बैंक खाते में वापस लिया जा सकता है? इसका जवाब है हां। कार्ड जारी करने वाले बैंक या कंपनी की सुविधा के अनुसार बची हुई विदेशी करेंसी को भारतीय रुपये में बदलवाकर बैंक खाते में मंगाया जा सकता है।

बैंक खाते में पैसे वापस लाने का तरीका

Forex Card में बची रकम वापस पाने के लिए सबसे पहले कार्ड जारी करने वाले बैंक या कंपनी के मोबाइल ऐप या ऑनलाइन पोर्टल पर लॉग इन करें। इसके बाद Forex Card से जुड़ा विकल्प खोलें और रिफंड या एनकैशमेंट का विकल्प तलाशें। यहां आपको बची हुई विदेशी करेंसी और वापस मंगाई जाने वाली रकम चुनने का विकल्प मिल सकता है। अगर पूरी रकम वापस लेनी है, तो उपलब्ध होने पर पूरा बैलेंस चुनें। इसके बाद उस भारतीय बैंक खाते की जानकारी दें, जिसमें पैसे मंगाने हैं। अनुरोध सबमिट करने से पहले लागू एक्सचेंज रेट, कन्वर्जन फीस और अन्य चार्ज जरूर देख लें। सभी जरूरी जानकारी भरने और वेरिफिकेशन पूरा करने के बाद रिफंड अनुरोध जमा किया जा सकता है। कुछ बैंक या कंपनियां अपनी शाखा में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा देती हैं।

कितने रुपये वापस मिलेंगे?

आपके खाते में आने वाली रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि Forex Card में कितनी विदेशी करेंसी बची है और पैसे वापस लेते समय एक्सचेंज रेट क्या है। उदाहरण के लिए, अगर कार्ड में 1,000 डॉलर बचे हैं और लागू एक्सचेंज रेट 1 डॉलर के बदले 96 रुपये है, तो इसकी कुल कीमत 96,000 रुपये होगी। हालांकि, यह चार्ज और टैक्स काटने से पहले की रकम है। वास्तविक भुगतान इससे कम हो सकता है।

कौन-से दस्तावेज जरूरी हैं?

दस्तावेजों की जरूरत बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी के नियमों पर निर्भर करती है। आपसे पहचान पत्र, बैंक खाते की जानकारी, कार्ड से जुड़ी डिटेल या रिफंड फॉर्म मांगा जा सकता है। इसलिए प्रक्रिया शुरू करने से पहले संबंधित बैंक से जरूरी दस्तावेजों की पुष्टि कर लें।

पैसे वापस लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप जल्द ही दोबारा विदेश जाने वाले हैं, तो बची हुई रकम Forex Card में रखना भी सुविधाजनक हो सकता है। हालांकि, कार्ड की वैधता, निष्क्रिय रहने पर लगने वाले शुल्क और विदेशी मुद्रा से जुड़े नियमों की जांच जरूर करें। अलग-अलग बैंकों के रिफंड नियम, एक्सचेंज रेट और फीस अलग हो सकते हैं। इसलिए रकम वापस लेने का फैसला करने से पहले सभी शर्तें समझ लें।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article