वायरल न्यूज़

Viral Video: बर्थडे भूलकर काम में लगा था शख्स, अचानक पत्नी-बच्चों ने दिया ऐसा सरप्राइज कि हो गया इमोशनल

लैपटॉप पर काम कर रहे शख्स को उसकी पत्नी और बच्चों ने उसके जन्मदिन पर ऐसा सरप्राइज दिया कि वह भावुक हो गया। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

लैपटॉप पर काम कर रहा था पति, तभी पत्नी और बच्चों ने दिया बर्थडे सरप्राइज (Instagram/@geetika_capricon)

सोशल मीडिया (Social Media) पर अक्सर ऐसे वीडियो देखने को मिल जाते हैं, जो चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ दिल को भी छू जाते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही प्यारा वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसमें एक शख्स अपने घर के लिविंग रूम में लैपटॉप पर काम करता नजर आता है। उसे लगता है कि यह भी बाकी दिनों की तरह एक सामान्य दिन है लेकिन उसे बिल्कुल अंदाजा नहीं होता कि कुछ ही पलों में उसकी पत्नी और बच्चे उसके लिए एक ऐसा सरप्राइज लेकर आने वाले हैं, जिसे वह शायद लंबे समय तक याद रखेगा।

लैपटॉप पर काम कर रहा था शख्स

वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि शख्स अपने लैपटॉप पर काम करने में व्यस्त है। तभी उसकी पत्नी हाथ में जन्मदिन का केक लेकर उसके पास आती है। उसके पीछे उनकी बेटी खड़ी होती है, जिसके हाथ में 'किंग' लिखा हुआ सैश है। वहीं, उनका बेटा फूलों का खूबसूरत गुलदस्ता लेकर आता है। परिवार के तीनों सदस्य मिलकर उसके जन्मदिन को खास बनाने की तैयारी कर चुके होते हैं। इस दौरान वे लोकप्रिय गाना 'अगर तुम ना होते' गाते हुए उसके पास पहुंचते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

चेहरे पर आ गई प्यारी सी मुस्कान

अचानक अपने सामने पत्नी और बच्चों को इस अंदाज में देखकर शख्स हैरान रह जाता है। उसके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है और कुछ पल के लिए उसे समझ ही नहीं आता कि आखिर हो क्या रहा है। इसके बाद उसकी बेटी उसके कंधों पर 'किंग' लिखा सैश पहनाती है। वह अपने बेटे से फूलों का गुलदस्ता लेता है और पत्नी से जन्मदिन का केक स्वीकार करता है। परिवार का यह प्यार देखकर उसके चेहरे की खुशी साफ नजर आती है। फिर वह अपने पत्नी और बच्चों को गले लगा लेता है।

न महंगी पार्टी, न बड़ा आयोजन

इस वायरल वीडियो (Viral Video) की सबसे खास बात यह है कि परिवार ने जन्मदिन मनाने के लिए किसी बड़ी पार्टी या महंगे तोहफे का सहारा नहीं लिया। उन्होंने बस कुछ फूल, एक केक और प्यार भरे सरप्राइज से अपने घर के इस खास सदस्य का दिन यादगार बना दिया। कई बार जिंदगी की भागदौड़ में हम अपनों के लिए छोटी-छोटी खुशियां जुटाना भूल जाते हैं। ऐसे में यह वीडियो याद दिलाता है कि किसी को खास महसूस कराने के लिए बहुत ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं है। कभी-कभी एक छोटी सी कोशिश भी किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है।

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आया वीडियो

इस प्यारे पल को इंस्टाग्राम यूजर गीतिका ग्रोवर ने शेयर किया। वीडियो के साथ 'हमारा हीरो' कैप्शन दिया गया है। वहीं, वीडियो (Video) पर एक टाइटल भी लिखा हुआ है, जिसमें लिखा है, 'जब वह सोचता है कि उसका जन्मदिन एक सामान्य दिन है।' वीडियो देखकर लोग परिवार के इस प्यारे अंदाज की खूब सराहना कर रहे हैं। आखिरकार, किसी भी इंसान के लिए इससे बड़ी खुशी क्या होगी कि उसके अपने उसे इतना प्यार करते हों कि एक साधारण दिन को भी खास बना दें। वीडियो देख कर यह कहा जा सकता है कि जिंदगी की सबसे खूबसूरत खुशियां अक्सर अपनों के छोटे-छोटे सरप्राइज में छिपी होती हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article