शहर

Vaishali News: वैशाली नाव हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख, बचाव अभियान तेज करने की मांग

वैशाली जिले के राघोपुर में नाव पलटने की घटना पर तेजस्वी यादव ने दुख जताया। उन्होंने ने NDRF-SDRF की टीमें बढ़ाने और प्रभावित परिवारों की मदद की अपील की।

Image

वैशाली नाव हादसे पर तेजस्वी यादव ने जताया दुख (X: Tejashwi Yadav)

Vaishali Boat Accident: वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में हुए दर्दनाक नाव हादसे पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने गहरा दुख जताया है। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर इस घटना की जानकारी दी। तेजस्वी ने प्रशासन से बचाव अभियान तेज करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद देने की अपील की है।

तेजस्वी यादव ने बताया कि उनके अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर श्यामचंद गांव में यह हादसा हुआ है। कुछ बच्चे नाव से भोज खाने गए थे और वापस लौटते समय नाव पलटने से यह दुर्घटना घटी। उन्होंने बताया कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे जिनमें ज्यादातर बच्चे थे। तेजस्वी के अनुसार, अब तक 14 शव बरामद किए जा चुके हैं, 6 लोगों को अस्पताल रेफर किया गया है और 3 लोग सुरक्षित हैं।

डीएम और आपदा विभाग के सचिव से की बात

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस हादसे को लेकर उनकी बात जिलाधिकारी (DM) और आपदा विभाग के सचिव से हुई है। उन्होंने एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की ज्यादा से ज्यादा रेस्क्यू टीमों को तुरंत भेजने का आग्रह किया है। चूंकि यह घटना रात के समय हुई है, इसलिए रात में भी बचाव अभियान लगातार जारी है।उन्होंने अपने लोगों को भी जायजा लेने के लिए घटनास्थल पर भेजा है, ताकि प्रभावित परिवारों को जरूरी सहयोग दिया जा सके।

पटना पहुंचते ही राघोपुर जाएंगे तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि वह अगले दिन पटना पहुंचेंगे और इसके बाद राघोपुर जाकर घटनास्थल का जायजा लेंगे। उन्होंने हादसे में बच्चों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि इस मुश्किल समय में प्रशासन को प्रभावित लोगों की अधिक से अधिक मदद करनी चाहिए।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article